बंद मकानों को निशाना बना रहे चोर, जूही लाल कॉलोनी में 15 लाख की चोरी; गुजैनी में नशीला स्प्रे छिड़ककर 2.5 लाख का माल उड़ाया

कानपुर। शहर के किदवई नगर और गुजैनी इलाके में बंद मकानों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। जूही लाल कॉलोनी में चोरों ने कबाड़ कारोबारी के बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये का माल पार कर दिया। इससे पहले पांच नवंबर को इसी कॉलोनी में रक्षा मंत्रालय से सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर करीब 25 लाख रुपये की चोरी हुई थी। वहीं गुजैनी के बिहारीपुरवा में चोरों ने परिवार के सदस्यों पर नशीला स्प्रे छिड़ककर नकदी और जेवर समेत करीब 2.5 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। रविवार सुबह पड़ोसियों के जगाने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई।

 शादी में गए परिवार के घर से 15 लाख का माल पार

जूही लाल कॉलोनी निवासी कबाड़ कारोबारी जाहिद अली आठ नवंबर को परिवार के साथ भांजे की शादी में शामिल होने बलरामपुर गए थे। 13 नवंबर को वापस लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे। पत्नी की अलमारी में रखे 45 हजार रुपये नकद और करीब 14.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर गायब थे। चोर घर से गैस सिलेंडर और अन्य कीमती सामान भी ले गए।

परिवार के मुताबिक, चोरों ने इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला। इस दौरान फ्रिज से पानी निकाला और चाय बनाकर भी पी। घर का कोई कोना ऐसा नहीं छोड़ा, जहां तलाशी न ली गई हो।

इसी कॉलोनी में पांच नवंबर को रक्षा मंत्रालय से सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक अखलाक अहमद के बंद मकान में भी चोरी हुई थी। वह परिवार के साथ शादी में शामिल होने सुल्तानपुर गए थे। चोर उनके घर से डेढ़ लाख रुपये नकद और जेवर समेत करीब 25 लाख रुपये का माल पार कर ले गए थे।

नशीला स्प्रे छिड़ककर परिवार को किया बेहोश

उधर, गुजैनी के बिहारीपुरवा स्थित नरायनपुरम निवासी अरुण तिवारी प्राइवेट कर्मचारी हैं। परिवार में पत्नी रूबी, दो बच्चे और पिता कमलेश हैं। अरुण ने बताया कि डेंगू के चलते शुक्रवार को वह अस्पताल से डिस्चार्ज हुए थे। शनिवार देर रात करीब एक बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए।

इस दौरान चोर पड़ोस के निर्माणाधीन मकान के रास्ते उनके घर में दाखिल हुए। चोर दस हजार रुपये नकद, पत्नी रूबी के गले से सोने की चेन, पास में रखी अंगूठी और दो मोबाइल फोन समेत करीब 2.5 लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए।

सुबह आंख खुलने पर पत्नी और पिता के सिर में भारीपन महसूस हुआ। आशंका है कि चोरों ने परिवार के सदस्यों पर नशीला स्प्रे छिड़ककर वारदात को अंजाम दिया। रविवार सुबह पड़ोसियों ने जगाया, तब परिवार को चोरी की जानकारी हुई।

गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *