चांदी 11 महीने में सबसे सस्ती, 1.69 लाख पर आई

चांदी 11 महीने में सबसे सस्ती, 1.69 लाख पर आई

आज 8720 दाम गिरे, सोना भी 1,429 घटकर 1.34 लाख पर आया

नई दिल्ली। चांदी के दाम में आज बड़ी गिरावट है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 1 किलो चांदी की कीमत 8,720 रुपए गिरकर 1.69 लाख रुपए पर आ गई है। चांदी के दाम 11 महीने बाद 1.70 लाख रुपए के नीचे आए हैं। इससे पहले 1 दिसंबर 2025 को 1.64 लाख रुपए थे। 2 दिसंबर 2025 को चांदी के रेट 1.73 लाख थे।

वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने के दाम 1,429 गिरकर 1.34 लाख रुपए पर आ गए हैं। पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी 13 नवंबर को सोना 1.36 लाख रुपए और चांदी 1.78 लाख रुपए पर थी।

इस महीने चांदी अब तक 17,000 सस्ती

इस महीने अब तक चांदी करीब 17,000 रुपए और सोना करीब 6,000 रुपए सस्ता हुआ है। 30 अक्टूबर को चांदी 1.86 लाख रुपए और सोना 1.40 लाख रुपए पर था।

अलग-अलग शहरों में सोने के दाम अलग होने की 4 वजहें

ट्रांसपोर्टेशन और सिक्योरिटी: एक शहर से दूसरे शहर सोना ले जाने में ईंधन और सुरक्षा खर्च जुड़ता है, जिससे दूरी बढ़ने पर दाम बढ़ते हैं।
खरीदारी की मात्रा: दक्षिण भारत में ज्यादा खपत (करीब 40%) के कारण ज्वेलर्स बड़ी खरीद करते हैं, लेकिन छूट का फायदा सीमित रहता है।
लोकल ज्वेलरी एसोसिएशन: राज्य और शहर के ज्वेलरी एसोसिएशन स्थानीय मांग-सप्लाई के आधार पर रेट तय करते हैं।
पुराना स्टॉक और खरीद मूल्य: ज्वेलर्स का खरीदी रेट तय करता है कि वे ग्राहकों को कितनी कीमत में बेचेंगे।
ऑल टाइम हाई से 2.17 लाख रुपए सस्ती हुई चांदी

इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। चांदी की कीमत 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। तब से अब तक चांदी 2.17 लाख रुपए सस्ती हो गई है।

वहीं, 31 दिसंबर 2025 को सोने के दाम 1.33 लाख रुपए थे, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गए थे। तब से अब तक सोना 42 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।

ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान

सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।
असली चांदी की पहचान करने के 4 तरीके

मैग्नेट टेस्ट: असली सिल्वर चुंबक से नहीं चिपकती। अगर चिपक जाए तो फेक है।
आइस टेस्ट: सिल्वर पर बर्फ रखें। असली सिल्वर पर बर्फ तेजी से पिघलती है।
स्मेल टेस्ट: असली सिल्वर में गंध नहीं होती। फेक में कॉपर जैसी गंध आती है।
क्लॉथ टेस्ट: चांदी को सफेद कपड़े से रगड़ें। अगर काला निशान आए तो असली है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *