शराब कैंटीन बंद कराने पहुंचे सिपाही को युवकों ने गिराकर पीटा, CCTV में कैद हुई घटना, वीडियो वायरल

शराब कैंटीन बंद कराने पहुंचे सिपाही को युवकों ने गिराकर पीटा, CCTV में कैद हुई घटना, वीडियो वायरल

कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के कस्बे में अंग्रेजी शराब ठेके की कैंटीन बंद कराने पहुंचे एक सिपाही और युवकों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि तीन युवकों ने सिपाही को जमीन पर गिराकर पीटा। पूरी घटना शराब की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने भी मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, साढ़ कस्बा स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान की कैंटीन में कुछ लोग बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान साढ़ थाने का एक सिपाही वहां पहुंचा और कैंटीन बंद करने को कहा। इस पर मौजूद युवकों ने सिपाही से कहा कि कैंटीन बंद होने के निर्धारित समय में अभी समय बाकी है। इसी बात को लेकर सिपाही और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

तीन युवकों ने सिपाही को जमीन पर गिराकर पीटा

देखते ही देखते कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि तीन युवकों ने अकेले सिपाही को घेर लिया और जमीन पर गिराकर पीटा। इस दौरान दुकान में मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। वहीं दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। रविवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सिपाही और युवकों के नशे में होने की चर्चा

घटना के बाद साढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सूत्रों के मुताबिक, विवाद के दौरान सिपाही और दूसरे पक्ष के लोगों के नशे में होने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में वर्दी पहने सिपाही के शराब की दुकान की कैंटीन में पहुंचने और विवाद की वास्तविक वजह भी जांच का विषय बनी हुई है।

एसीपी बोले- जांच कर होगी कार्रवाई

घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि सिपाही और युवकों के बीच मारपीट का सीसीटीवी फुटेज देखा गया है। वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच की जा रही है। सिपाही के साथ मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *