बंद मकान में घुसे चोरों ने बुजुर्ग महिला के कमरे को बनाया निशाना, 12 लाख के जेवर और 20 हजार नकद पार
कानपुर। जाजमऊ के दुर्गा विहार में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के अंदर बने बुजुर्ग महिला के कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये नकद पार कर दिए। बुजुर्ग महिला जगन्नाथपुरी दर्शन करने गई थीं। सोमवार सुबह घर लौटने पर कमरे का टूटा दरवाजा और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
जाजमऊ के दुर्गा विहार निवासी पीडब्ल्यूडी के सेवानिवृत्त कर्मचारी स्व. रविंद्र कुमार चौरसिया की तीन साल पहले मौत हो चुकी है। उनकी 60 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी चौरसिया मकान में अकेली रहती हैं। मकान की पहली मंजिल पर तीन किरायेदार भी रहते हैं।
लक्ष्मी चौरसिया ने बताया कि वह नौ नवंबर को जगन्नाथपुरी दर्शन करने गई थीं। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे घर लौटीं तो उनके कमरे का दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और उसमें रखे कीमती जेवर गायब थे। चोर सोने की चेन, झुमकी, अंगूठी और पायल समेत करीब 12 लाख रुपये के जेवर और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर बुजुर्ग महिला ने दोपहर करीब एक बजे पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जाजमऊ पुलिस ने छानबीन की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि चोरी के मामले में जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


