घाटमपुर डाकघर घोटाला: फर्जी पासबुक ही नहीं, खातों से भी निकले रुपये, डाक अधिकारियों समेत एजेंट और बेटी पर मुकदमा दर्ज

घाटमपुर डाकघर घोटाला: फर्जी पासबुक ही नहीं, खातों से भी निकले रुपये, डाक अधिकारियों समेत एजेंट और बेटी पर मुकदमा दर्ज

घाटमपुर। घाटमपुर उप डाकघर में करोड़ों रुपये के घोटाले का मामला लगातार गहराता जा रहा है। अब तक फर्जी पासबुक का मामला सामने आने के बाद खातों से भी रुपये निकाले जाने की शिकायतें सामने आई हैं। शनिवार दोपहर 24 पीड़ित खाताधारकों ने घाटमपुर थाने पहुंचकर डाकघर के अधिकारियों और कर्मचारियों समेत एजेंट शैलेंद्र पांडेय और उसकी बेटी अनुष्का के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमें लगाई गई हैं। वहीं, डाक विभाग की पांच सदस्यीय कमेटी पूरे मामले की जांच कर रही है।

घाटमपुर नगर स्थित उप डाकघर में कथित घोटाले का शिकार हुए खाताधारक धीरेंद्र कुमार शुक्ला, अवधेश कुमार शुक्ला, ओमप्रकाश मिश्रा, रामकुमार, मुन्नी देवी पत्नी ओमप्रकाश, बलराम, प्रह्लाद और राजेश समेत 24 लोग शनिवार दोपहर थाने पहुंचे। पीड़ितों ने डाकघर के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही एजेंट शैलेंद्र पांडेय और उसकी बेटी अनुष्का पर फर्जीवाड़ा कर करोड़ों रुपये के गबन का आरोप लगाया।

खाताधारकों का कहना है कि उन्होंने डाकघर में रुपये जमा किए थे। इसके बदले उन्हें विभाग की मुहर लगी पासबुक भी दी गई थी। अब डाक विभाग उन्हीं पासबुकों को फर्जी बता रहा है। पीड़ितों के मुताबिक, उन्होंने डाकघर के कैश काउंटर पर पहुंचकर नकद रुपये जमा किए थे। उस समय भदरस निवासी एजेंट शैलेंद्र पांडेय समेत डाकघर के अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। इसके बावजूद अब जमा रकम का हिसाब नहीं मिल रहा है। कुछ खाताधारकों ने खातों से रुपये निकाले जाने की भी शिकायत की है।

पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने डाकघर के अधिकारियों और कर्मचारियों समेत एजेंट और उसकी बेटी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब मामले में दस्तावेजों, पासबुक और खातों से जुड़े लेनदेन की जांच कर रही है।

तलाश में जुटीं पांच पुलिस टीमें

घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पांच पुलिस टीमें लगाई गई हैं। इनमें घाटमपुर, सजेती, रेउना और साढ़ थानों की पुलिस शामिल है। उन्होंने बताया कि एजेंट की पत्नी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। उधर, डाक विभाग की पांच सदस्यीय कमेटी भी मामले की जांच में जुटी है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *