सजेती में छत से गिरे तीन मासूम, दो भाइयों समेत पड़ोसी का बेटा गंभीर
दो और तीन साल की उम्र के बच्चों को गंभीर हालत में घाटमपुर सीएचसी से कानपुर जिला अस्पताल किया गया रेफर, हादसे से गांव में मचा हड़कंप

कानपुर। घाटमपुर के सजेती थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर छत पर खेल रहे तीन मासूम बच्चे अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो सगे भाई-बहन और पड़ोस का चार वर्षीय बच्चा शामिल है। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से परिजन तीनों बच्चों को आनन-फानन में घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
खेलते समय बिगड़ा संतुलन, नीचे गिरे तीनों बच्चे
सजेती थाना क्षेत्र के धमना बुजुर्ग गांव निवासी अमित कुमार का चार वर्षीय बेटा युवान सिंह और गांव के ही शिवबरन के तीन वर्षीय बेटे प्रिंस गौतम व दो वर्षीय बेटी रूही मंगलवार दोपहर घर की छत पर खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से तीनों बच्चे छत से नीचे गिर गए।
बच्चों के गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तीनों को घायल अवस्था में देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से परिजन उन्हें लेकर घाटमपुर सीएचसी पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
सजेती थाने के एसएसआई विनीत गौतम ने बताया कि तीन बच्चों के छत से गिरकर घायल होने की सूचना मिली थी। परिजन उन्हें लेकर घाटमपुर सीएचसी पहुंचे थे। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।


