प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक ने कमरे में फंदा लगाकर दी जान, घर में मचा हड़कंप
घाटमपुर के रवाईपुर गांव की घटना, प्रेमिका के देवर ने कमरे में देखा था युवक; फेसबुक पर डेढ़ साल पहले हुई थी दोस्ती, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कानपुर। घाटमपुर में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार देर रात प्रेमिका के घर पहुंचे युवक को कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी गई। पकड़े जाने के डर से घबराए युवक ने कमरे के भीतर छत में लगे लोहे के एंगल से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाथरूम जाने के लिए नीचे आए देवर ने युवक को देखा
घटना घाटमपुर थाना क्षेत्र के रवाईपुर गांव की है। यहां के निवासी आशुतोष सोनकर ललितपुर में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। घर पर उनकी पत्नी पूजा अपने चार वर्षीय बच्चों अवनी और अभिराज के साथ रहती हैं। घर के ऊपरी हिस्से में उनके देवर पारितोष और उनकी पत्नी अंजना रहते हैं।
मंगलवार देर रात पारितोष बाथरूम जाने के लिए नीचे आए तो उन्हें घर में किसी की मौजूदगी का एहसास हुआ। कमरे में झांककर देखा तो एक युवक अंदर मौजूद था। इस पर उन्होंने भाभी से पूछा कि किसे बुलाया है। उन्होंने पति को फोन करने की बात कही तो पूजा ने युवक के प्रेमी होने की जानकारी दी।
इसके बाद दोनों युवक को बाहर निकालने के लिए पहुंचे, लेकिन कमरे के अंदर उसका शव फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
प्रेमिका ने की युवक की पहचान
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया के मुताबिक, महिला ने मृतक की पहचान फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के मोहनखेड़ा गांव निवासी 27 वर्षीय शिव प्रताप सिंह उर्फ सौरभ सिंह पुत्र सूरजभान सिंह के रूप में की है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
फेसबुक पर डेढ़ साल पहले हुई थी दोस्ती
पूजा ने पुलिस पूछताछ में बताया कि करीब डेढ़ साल पहले फेसबुक के जरिए उसकी शिव प्रताप से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। उसने बताया कि पति की ललितपुर में तैनाती के चलते वह गांव में अकेली रहती थी। बच्चे स्कूल चले जाते थे, जिसके बाद अकेलेपन में वह युवक से बातचीत करने लगी।
पूजा के मुताबिक, उसकी शादी 24 अप्रैल 2021 को हुई थी। वह कई बार पति से अपने साथ ललितपुर ले जाने की बात कह चुकी थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी दौरान फेसबुक पर शिव प्रताप की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी, जिसे स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
कमरे में बंद होने के बाद उठाया आत्मघाती कदम
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात शिव प्रताप प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान देवर को उसकी मौजूदगी का पता चल गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच करीब एक घंटे तक विवाद होने की बात सामने आई है। कमरे में बंद होने और पकड़े जाने के डर से युवक ने फंदा लगा लिया। हालांकि, युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
पिता बोले- निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए
मृतक के पिता सूरजभान सिंह ने बताया कि उनका बेटा प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमिका से मिलने आया था। इसकी जानकारी उन्हें नौरंगा चौकी इंचार्ज रवि ने दी थी। वह मौके पर पहुंचे, तब तक बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


