कानपुर में झमाझम बारिश से बदला मौसम, ठंडी हवाओं से गिरेगा पारा
29 और 30 अक्टूबर को बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
कानपुर नगर। शहर में बृहस्पतिवार तड़के से शुरू हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आने लगी है और लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से 29 और 30 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
कानपुर परिक्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम में आए इस बदलाव का असर अधिकतम तापमान पर भी पड़ेगा। सीएसए के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी डॉ. अजय मिश्रा के अनुसार, बारिश और ठंडी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
बादलों की गरज के साथ बारिश के आसार
प्रदेश के एकीकृत मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रभारी डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव अवध और पूर्वांचल के जिलों में अधिक रहने की संभावना है। हालांकि, कानपुर और लखनऊ समेत आसपास के क्षेत्रों में भी नमी वाले बादलों, गरज-चमक और बारिश के रूप में इसका असर दिखाई दे सकता है।
एक नवंबर से मौसम साफ होने की उम्मीद
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 31 अक्टूबर को बादलों की आवाजाही के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद एक नवंबर से आसमान साफ होने और मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश और तेज हवाओं के चलते शहर में ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम में अचानक आए बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


