तूफान मुरासु का केंद्र आंध्र प्रदेश से आगे बढ़ा
12 घंटे तक तेज हवाओं–भारी बारिश का अलर्ट; हजारों पेड़-बिजली के पोल गिरे, 30 फ्लाइट्स कैंसिल

तमिलनाडु में भारी बारिश; कुड्डालोर में स्कूल बंद
तमिलनाडु के कुड्डालोर में मंगलवार को स्कूल बंद कर दिए गए हैं। साइक्लोन मुरासु की वजह से भारी बारिश हुई है। कुड्डालोर डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर ने ये ऑर्डर तब जारी किए जब जिले के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
IMD बोला- दोपहर बाद तूफान कमजोर हो सकता है
IMD की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, गहरा दबाव उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और दोपहर तक धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान मुरासु कमजोर पड़ने की संभावना है। इसकी वजह से 48 घंटों में ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश होगी।
आंध्र प्रदेश के 3 जिलों में रेड अलर्ट; मछुआरों को 2 दिन समुद्र में न जाने की सलाह
विशाखापत्तनम मौसम विभाग के निदेशक पीएलएन मूर्ति के मुताबिक, चक्रवाती तूफान मुरासु मंगलवार सुबह 3:30 से 5:30 बजे के बीच ओंगोल के पास आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया। फिलहाल यह दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट के पास गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में मौजूद है। अगले 12 घंटे में इसके उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ने और मंगलवार दोपहर तक कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने राज्य के 3 जिलों में रेड अलर्ट और बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को अगले दो दिन तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
बंदरगाहों पर खतरे के संकेत जारी
- निजामपट्टनम पोर्ट: ग्रेट डेंजर सिग्नल-10 (GD-10)
- मछलीपट्टनम पोर्ट: ग्रेट डेंजर सिग्नल-9 (GD-9)
- कृष्णपट्टनम पोर्ट: ग्रेट डेंजर सिग्नल-8 (GD-8)
- अन्य बंदरगाह: लोकल कॉशनरी सिग्नल-3 (LC-3)
मौसम विभाग के मुताबिक, बंदरगाहों पर सोमवार को जारी किए गए खतरे के संकेत फिलहाल जारी रहेंगे।


