बिठूर में सरकारी चारागाह से रात में मिट्टी खनन, जेसीबी सीज

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस, लेखपाल की तहरीर पर बलवीर सिंह के खिलाफ एफआईआर
कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव में सरकारी जमीन से रात में मिट्टी खनन किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से खनन में लगी जेसीबी को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। राजस्व विभाग की जांच के बाद लेखपाल शिवम वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने बलवीर सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बैकुंठपुर निवासी लेखपाल शिवम वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे गांव में जेसीबी से मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर जांच करने पर गाटा संख्या 521, रकबा 0.717 हेक्टेयर राजस्व अभिलेखों में चारागाह के रूप में दर्ज मिली। आरोप है कि जमीन के कुछ हिस्से से मिट्टी खोदी गई थी।
जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि सरकारी जमीन से निकाली गई मिट्टी को गाटा संख्या 464 में डाला जा रहा था। यह भूमि निजी सहखातेदारों की बताई गई है। ग्रामीणों ने मिट्टी खनन बलवीर सिंह के कहने पर कराए जाने की जानकारी राजस्व टीम को दी।
खनन की मात्रा और अन्य लोगों की भूमिका की जांच
बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि जेसीबी को सीज कर दिया गया है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम खनन की गई मिट्टी की मात्रा, जमीन की वास्तविक स्थिति और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
निजी जमीन से मिट्टी खनन में पहले भी दर्ज हुई थी एफआईआर
बिठूर क्षेत्र में मिट्टी खनन का यह पहला मामला नहीं है। 21 अगस्त को पेम-मंधना में निजी जमीन से चोरी से मिट्टी खनन के आरोप में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जमीन मालिक माया सिंह ने पुलिस को बताया था कि 18 अगस्त की रात उनकी और अजीज फातिमा की करीब दो बीघा जमीन से 20 से 25 डंपर मिट्टी खोदी गई थी।
माया सिंह ने बगदौधी निवासी नीरज सिंह और अंकुर पांडेय पर मिट्टी खनन कराने का आरोप लगाया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले दर्ज हुए मामले में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने से खनन करने वालों के हौसले बढ़े हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *