सीएसजेएमयू में डिस्टेंस और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी

सीएसजेएमयू में डिस्टेंस और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी

13 अक्टूबर तक कर सकेंगे पंजीकरण, बीए से एमसीए तक आठ प्रमुख पाठ्यक्रमों में प्रवेश का मौका

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) में सत्र 2026-27 के जुलाई साइकिल के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी)-दूरस्थ शिक्षा ब्यूरो ने पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 अक्टूबर 2026 कर दी है। ऐसे अभ्यर्थी जो नियमित रूप से कॉलेज जाकर पढ़ाई नहीं कर सकते, वे अब निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकेंगे।

सीडीओई के निदेशक डॉ. सरोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि विश्वविद्यालय में डिस्टेंस और ऑनलाइन माध्यम से बीए, एमए, बीकॉम, एमकॉम, बीबीए, एमबीए, बीसीए और एमसीए समेत आठ प्रमुख पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।

घर बैठे पढ़ाई, एलएमएस पर मिलेगा कोर्स मैटेरियल

डिस्टेंस और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय ने डिजिटल अध्ययन व्यवस्था उपलब्ध कराई है। विषय से संबंधित अध्ययन सामग्री लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) पर ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। इससे विद्यार्थी अपनी सुविधा और समय के अनुसार घर बैठे पढ़ाई कर सकेंगे।

वेबसाइट पर कराना होगा पंजीकरण

इच्छुक अभ्यर्थी सीएसजेएमयू की वेबसाइट csjmu.ac.in/decode पर जाकर 13 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण पूरा कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार डिस्टेंस और ऑनलाइन माध्यम उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है, जो नौकरी, पारिवारिक जिम्मेदारियों या अन्य कारणों से नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाते।

इस माध्यम से नौकरीपेशा लोगों, गृहिणियों और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिलेगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *