यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कानपुर में 116 केंद्र प्रस्तावित, पिछले साल से 10 कम
28 अक्तूबर तक ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे आपत्ति, निस्तारण के बाद जारी होगी अंतिम सूची
कानपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए कानपुर नगर की प्रस्तावित केंद्र सूची जारी कर दी है। इस बार जिले में 116 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, जो पिछले साल की तुलना में 10 कम हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अनुसार, छात्र संख्या कम होने के कारण केंद्रों की संख्या घटाई गई है।
पिछले साल जिले में 126 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जबकि इस बार 116 केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। बोर्ड ने केंद्र निर्धारण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विद्यालयों को आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया है। प्रधानाचार्यों और विद्यालय प्रबंधकों को 28 अक्तूबर तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी आपत्तियां दर्ज करानी होंगी।
इसके बाद जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति आपत्तियों का निस्तारण करेगी और अंतिम सूची बोर्ड मुख्यालय प्रयागराज भेजी जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि आपत्तियों के निस्तारण के बाद ही परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।


