तेज रफ्तार कार की टक्कर से किशोर हुआ गंभीर रूप से घायल
बाइक समेत पांच फीट उछलकर सड़क पर गिरा, चालक कार लेकर फरार; हैलट रेफर

कानपुर: घाटमपुर के पतारा कस्बे में मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किशोर बाइक समेत करीब पांच फीट उछलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस और ग्रामीणों ने घायल को एंबुलेंस से पतारा सीएचसी पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।
पतारा कस्बा निवासी हिमांशु (17) पुत्र भानू मंगलवार शाम बाइक से निजी काम के सिलसिले में पतारा चौराहे की ओर गया था। काम निपटाने के बाद वह बाइक से वापस घर लौट रहा था। तिलसड़ा मोड़ के सामने पहुंचते ही पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हिमांशु बाइक समेत उछलकर सड़क पर जा गिरा।
हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पतारा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से घायल को पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर हैलट पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
सीसीटीवी से हो रही है कार की तलाश
हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से भाग निकला। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कार और चालक की पहचान करने में जुटी है।
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि किशोर के घायल होने की सूचना मिली थी। उसे अस्पताल पहुंचाया गया है। तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

