सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी, महिलाओं को वैक्सीनेशन और स्क्रीनिंग की दी जानकारी

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी, महिलाओं को वैक्सीनेशन और स्क्रीनिंग की दी जानकारी

इनर व्हील क्लब कानपुर साउथ शक्ति ने आयोजित की स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला
कानपुर। महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर इनर व्हील क्लब कानपुर साउथ शक्ति की ओर से विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। क्लब की अध्यक्षा रोली सचान और आईएसओ रोहिणी कशवाहा के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करना और समय पर वैक्सीनेशन व जांच के महत्व की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं सर्वाइकल कैंसर अवेयरनेस एंबेसडर नित्या चावला ने महिलाओं को बीमारी के कारणों, शुरुआती संकेतों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान और नियमित स्वास्थ्य जांच से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।
शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें
नित्या चावला ने सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षण, रोकथाम के उपाय, नियमित स्क्रीनिंग और पैप स्मीयर टेस्ट के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उपयुक्त उम्र में एचपीवी वैक्सीनेशन और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित जांच बीमारी के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर खुलकर बातचीत करने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य के साथ सशक्तिकरण पर जोर
कार्यशाला में महिला स्वास्थ्य, जागरूकता और सशक्तिकरण के क्षेत्र में इनर व्हील क्लब की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी भी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ महिला ही परिवार और समाज को मजबूत आधार दे सकती है, इसलिए महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।
कार्यक्रम में क्लब की सदस्य नमिता बाली, पूनम, अंज और एडिटर काजल सिंह सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। सामूहिक प्रयासों से आयोजित कार्यशाला में महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय पर जांच व बचाव के उपाय अपनाने का संदेश दिया गया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *