घाटमपुर में 1000 एकड़ में बनेगा टेक्सटाइल मशीनरी पार्क, सस्ती मिलेंगी विदेशी मशीनें
कानपुर। जिले के घाटमपुर में करीब एक हजार एकड़ जमीन पर टेक्सटाइल मशीनरी पार्क विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। खादी एवं वस्त्र उद्योग विभाग जल्द ही इसका प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजेगा। पार्क के लिए घाटमपुर में गन्ना विभाग की करीब एक हजार एकड़ अनुपयोगी जमीन चिह्नित की गई है। यहां टेक्सटाइल उद्योग में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के निर्माण की यूनिटें स्थापित की जाएंगी।
चीन-जर्मनी से मंगानी पड़ती हैं मशीनें
प्रदेश में टेक्सटाइल और कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल कई टेक्सटाइल यूनिटों में पुरानी मशीनों से उत्पादन हो रहा है। बड़ी इकाइयों को नई सर्कुलर निटिंग, फ्लैट निटिंग समेत अन्य मशीनें चीन, ताइवान, जर्मनी, वियतनाम और दक्षिण कोरिया से मंगानी पड़ती हैं।
कानपुर में मशीनरी निर्माण की यूनिटें स्थापित होने से इन मशीनों का देश में ही निर्माण संभव हो सकेगा। इससे उद्योगपतियों को विदेशी मशीनों की तुलना में करीब 30 से 40 प्रतिशत तक कम कीमत पर मशीनें मिलने की उम्मीद है।
रोजगार के भी खुलेंगे रास्ते
टेक्सटाइल मशीनरी पार्क में मशीन निर्माण के साथ ही इससे जुड़े अन्य उद्योग और सहायक इकाइयां भी विकसित होने की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। अधिकारियों का मानना है कि पार्क के विकसित होने से कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में टेक्सटाइल उद्योग को नई गति मिलेगी।
प्रदेश में बन रहे 10 वस्त्र पार्क
राज्य में टेक्सटाइल और कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कई स्तर पर काम चल रहा है। लखनऊ में एक हजार एकड़ में पीएम मित्र वस्त्र पार्क के साथ ही संत कबीर के नाम पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 10 वस्त्र पार्क विकसित किए जा रहे हैं। सरकार को उम्मीद है कि इन पार्कों के तैयार होने के बाद प्रदेश के टेक्सटाइल और कपड़ा उद्योग को नई राह मिलेगी।
35 हजार करोड़ का हुआ निर्यात
वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश से कपड़े, परिधान और हस्तशिल्प का कुल निर्यात करीब 35 हजार करोड़ रुपये रहा। उत्तर प्रदेश देश में टेक्सटाइल उत्पादों का चौथा बड़ा निर्यातक राज्य है। वहीं गौतमबुद्ध नगर वस्त्र निर्यात के मामले में देश में दूसरे स्थान पर है।
वस्त्र उद्योग मंत्री राकेश सचान ने बताया कि सरकार प्रदेश में टेक्सटाइल उद्योग को हर स्तर पर बढ़ावा दे रही है। इसी कड़ी में कानपुर में टेक्सटाइल मशीनरी पार्क स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

