छत के रास्ते घर में घुसे चोर, सो रहे परिवार की बाहर से बंद की कंडी; चार लाख के जेवर और नकदी पार

छत के रास्ते घर में घुसे चोर, सो रहे परिवार की बाहर से बंद की कंडी; चार लाख के जेवर और नकदी पार

कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के माधवनगर गांव में शनिवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 25 हजार रुपये की नकदी पार कर दी। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और वारदात के दौरान एक कमरे में सो रहे परिवार के सदस्यों की कंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद दूसरे कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सोकर उठे तो बाहर से बंद थी कंडी
माधवनगर निवासी सुंदरम ने बताया कि शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। सुबह नींद खुलने पर उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो पता चला कि कंडी बाहर से बंद थी। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कंडी खोलकर उन्हें बाहर निकाला।
कमरे से बाहर आने के बाद सुंदरम ने घर के सामने वाले कमरे का दरवाजा खुला देखा। अंदर जाकर देखा तो बक्से का ताला टूटा हुआ था। बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवरात और करीब 25 हजार रुपये की नकदी गायब थी। पीड़ित के मुताबिक चोरी गए जेवरात की कीमत करीब चार लाख रुपये है।
सोते परिवार को कमरे में किया बंद
सुंदरम के मुताबिक चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। उन्होंने पहले एक कमरे में सो रहे परिवार के सदस्यों की कंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई बाहर न आ सके। इसके बाद दूसरे कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पीड़ित ने डायल-112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सरसौल चौकी प्रभारी राजमोहन मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी है। महाराजपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *