बारिश थमी तो सड़कों की मरम्मत में प्लांट का पानी बना रोड़ा

बारिश थमी तो सड़कों की मरम्मत में प्लांट का पानी बना रोड़ा
पीडब्ल्यूडी के प्लांटों में जलभराव से बंद पड़ा काम, करीब 12 सड़कों का निर्माण और मरम्मत प्रभावित; 7 से 10 दिन में पानी निकलने की उम्मीद
कानपुर। बारिश थमने के बाद शहर की बदहाल सड़कों को गड्ढामुक्त करने की तैयारी कर रहे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। बारिश के पानी की निकासी नहीं होने से विभाग के प्लांटों में ही पानी भर गया है। इसके चलते प्लांट संचालित नहीं हो पा रहे हैं और निर्माण सामग्री उपलब्ध न होने से करीब 12 सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि प्लांटों से पानी निकलने में करीब एक सप्ताह से 10 दिन का समय लग सकता है। इसके बाद प्लांट शुरू कराकर सड़कों की मरम्मत का काम तेज किया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के प्लांट में भरा पानी
शहर में पीडब्ल्यूडी के अधीन करीब 45 से 50 सड़कें हैं। इनमें कुछ सड़कें 10 किलोमीटर तक लंबी हैं, जबकि करीब छह से 12 सड़कें एक से डेढ़ किलोमीटर लंबी हैं। लगातार हुई बारिश के कारण ज्यादातर सड़कें बदहाल हो गई हैं। कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और सड़क पर बजरी फैलने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।
बारिश थमने के बाद विभाग ने सड़कों को दुरुस्त करने की योजना तैयार की है। छोटे-बड़े गड्ढों पर पक्का पैचवर्क कराया जाएगा, जबकि पूरी तरह क्षतिग्रस्त सड़कों को दोबारा बनाया जाना है।
प्लांट में जलभराव से निर्माण सामग्री का संकट
सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी के हमीरपुर रोड स्थित प्लांट के साथ ही ठेकेदारों के भीतरगांव और रमईपुर क्षेत्र स्थित प्लांटों का इस्तेमाल किया जाता है। लगातार बारिश के कारण इन प्लांटों में पानी भर गया है। जलभराव के चलते प्लांट संचालित नहीं हो पा रहे हैं। इससे सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाला मैटेरियल तैयार नहीं हो पा रहा और करीब 12 सड़कों का काम अटक गया है।
7 से 10 दिन में पानी निकलने की उम्मीद
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनूप मिश्रा ने बताया कि उच्च अधिकारियों ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। प्लांटों में भरा पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है। एक सप्ताह से 10 दिन में पानी निकलने की संभावना है। इसके बाद प्लांट शुरू कराकर सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य कराया जाएगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *