ईशन नदी में डूबे मदरसा छात्र का शव तीसरे दिन बरामद
मकनपुर में नहाते समय गहरे पानी में चला गया था छात्र, स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
बिल्हौर। मकनपुर में ईशन नदी में नहाने के दौरान डूबे दिल्ली निवासी मदरसा छात्र का शव तीसरे दिन शनिवार सुबह बिल्हौर में पुल के नीचे से बरामद हो गया। शव पानी में उतराता देखकर खेतों की ओर जा रहे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची अरौल थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर उसकी पहचान रेहान (18) पुत्र माजिद के रूप में की।
रेहान मूलरूप से मुस्तफाबाद, दिल्ली का रहने वाला था और मकनपुर स्थित जामिया मस्जिद उलूम मदरसे में रहकर पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार शाम वह अपने दोस्तों के साथ कर्बला स्थित ईशन नदी के घाट पर नहाने गया था। इसी दौरान वह नदी के गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की मदद से नदी में उसकी तलाश शुरू कराई थी। लगातार तलाश के बाद शनिवार सुबह उसका शव पुल के नीचे पानी में उतराता मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना पहले ही दे दी गई थी। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

