थाने से 100 मीटर दूर 20 लाख की लूट का प्रयास, बीटेक छात्र को भीड़ ने दबोचा

शेयर मार्केट में पांच लाख रुपये गंवाने के बाद बनाई लूट की योजना, कारोबारी के कर्मचारी की साजिश आई सामने

कानपुर। फीलखाना थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर बिरहाना रोड पर 20 लाख रुपये लूटने का प्रयास किया गया। स्कूटी सवार बीटेक छात्र ने कागज कारोबारी के कर्मचारी से रुपये से भरा झोला छीनने की कोशिश की। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। वारदात की साजिश कारोबारी के ही एक कर्मचारी ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर रची थी। शेयर मार्केट में हुए पांच लाख रुपये के नुकसान की भरपाई के लिए लूट की योजना बनाई गई थी।

चौक सराफा से लिए थे 20 लाख रुपये

गुमटी निवासी विशाल खंडेलवाल श्री गुरु पेपर हाउस के मालिक हैं। पुलिस के मुताबिक, उनके यहां काम करने वाले शुक्लागंज निवासी वीरभान सिंह ने मंगलवार शाम चौक सराफा से अंशु अग्रवाल के पास से 20 लाख रुपये नकद लिए थे। इसके बाद उसने अपने साथी कर्मचारी श्याम नगर निवासी सोमिल सक्सेना को फोन कर जरूरी काम से चौक सराफा बुलाया और रुपये लेकर जाने को कहा।

सोमिल 20 लाख रुपये से भरा झोला लेकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान फीलखाना थाने के पास बिरहाना रोड पर पीछे से आए एक स्कूटी सवार युवक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। सोमिल के असंतुलित होकर गिरते ही आरोपी ने रुपये से भरा झोला छीनने का प्रयास किया।

शोर सुनकर लोगों ने आरोपी को पकड़ा

खुद को घिरता देख सोमिल ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर मौके पर मौजूद दिनेश शर्मा, अर्पित गुप्ता समेत अन्य लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। भागने की कोशिश करने पर लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और उसे थाने ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

लूट के प्रयास की सूचना पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता और एसीपी कोतवाली अमित पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने अपना नाम अविनेंद्र सिंह उर्फ अंशुल निवासी शुक्लागंज बताया।

पांच लाख के नुकसान की भरपाई के लिए रची साजिश

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कारोबारी के यहां काम करने वाले वीरभान सिंह ने उसके साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। शेयर मार्केट में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान होने के बाद उसकी भरपाई के लिए इस वारदात को अंजाम देने की साजिश रची गई थी। पुलिस ने मामले में कारोबारी के कर्मचारी वीरभान को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिसकर्मियों को किया जाएगा सम्मानित

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि कागज कारोबारी के कर्मचारी ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, घटना को समय रहते रोकने में एसओ रीना सिंह, दरोगा असित, सत्येंद्र, समिता, सोनम और कांस्टेबल सिद्धांत व संत की अहम भूमिका रही। पुलिस आयुक्त की ओर से इन पुलिसकर्मियों को सम्मानित किए जाने की बात कही गई है।

20 लाख की रकम को लेकर भी उठे सवाल

घटना के बाद 20 लाख रुपये की नकदी को लेकर भी कई सवाल सामने आए। सूत्रों के मुताबिक, फर्म से जुड़े कुछ लोग शुरुआत में प्राथमिकी दर्ज कराने से बचना चाह रहे थे। बताया गया कि इतनी बड़ी रकम के लेन-देन का कोई लिखित रिकॉर्ड नहीं था और नकदी कहां ले जाई जा रही थी, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं थी। हालांकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लूट के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *