14 नवंबर को विधानसभा का घेराव करेंगे प्रदेशभर के अधिवक्ता
15 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज, जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा से विधानसभा तक निकालेंगे पैदल मार्च; 58 जिलों से हजारों वकीलों के पहुंचने का दावा
कानपुर। प्रदेश की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर अधिवक्ताओं ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। 14 नवंबर को प्रदेशभर के वकील लखनऊ पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे। इसकी शुरुआत जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा से होगी। यहां एकत्र होने के बाद अधिवक्ता पैदल मार्च करते हुए विधानसभा पहुंचेंगे।
कानपुर बार एसोसिएशन और लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों का दावा है कि प्रदर्शन में प्रदेश के 58 जिलों से हजारों अधिवक्ता शामिल होंगे। गुरुवार को बार एसोसिएशन हॉल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पदाधिकारियों ने आंदोलन की रूपरेखा साझा की। उनका कहना है कि पिछले दो महीने से हर बुधवार को अधिवक्ता हड़ताल कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
दो महीने से हर बुधवार हो रही हड़ताल
बार और लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि अधिवक्ताओं की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। इसके बावजूद मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी नाराजगी के चलते अब विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया है।
आंदोलन की शुरुआत 10 और 11 सितंबर को कानपुर कचहरी में आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन से हुई थी। बार और लॉयर्स एसोसिएशन के संयुक्त आह्वान पर हुए इस सम्मेलन में प्रदेशभर के अधिवक्ता शामिल हुए थे। सम्मेलन में मांगें पूरी होने तक प्रत्येक बुधवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया था।
अधिवक्ताओं की ये हैं प्रमुख मांगें
अधिवक्ताओं ने 15 सूत्रीय मांगों में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, वरिष्ठ अधिवक्ताओं को पेंशन देने और वकीलों से जुड़े मुकदमों को दूसरे जिलों में स्थानांतरित करने की मांग प्रमुखता से उठाई है। इसके अलावा अधिवक्ता कल्याण राशि पांच लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने और हड़ताल के दौरान अंडरटेकिंग नहीं देने की मांग भी शामिल है।
लगातार हड़ताल के कारण कचहरी में न्यायिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। इससे मुकदमों की सुनवाई के लिए आने वाले वादकारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
गांधी प्रतिमा से विधानसभा तक निकालेंगे पैदल मार्च
बार एसोसिएशन के महामंत्री विनय मिश्रा, लॉयर्स एसोसिएशन के महामंत्री राजीव यादव और बार उपाध्यक्ष मो. तौहीद ने बताया कि विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए प्रदेश के सभी बार संघों के पदाधिकारियों से संपर्क किया गया है। उन्होंने आंदोलन को व्यापक समर्थन मिलने का दावा किया।
पदाधिकारियों के मुताबिक, 14 नवंबर को अधिवक्ता लखनऊ के जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर एकत्र होंगे। यहां से पैदल मार्च निकालकर विधानसभा पहुंचेंगे और घेराव करेंगे। इसमें प्रदेश के 58 जिलों से हजारों अधिवक्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।


