कानपुर सेंट्रल पर चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार AC कोच पटरी से उतरे, यात्रियों में मची चीख-पुकार
प्लेटफॉर्म-7 से रवाना होते ही हुआ हादसा, करीब 300 यात्री थे सवार; सभी सुरक्षित, स्पेशल ट्रेन से भेजे गए यात्री

कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम बड़ा रेल हादसा टल गया। गोरखपुर जा रही चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच स्टेशन से रवाना होते ही पटरी से उतर गए। हादसे के दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अचानक तेज झटका लगने और कोच के एक तरफ झुकने से घबराए यात्री अपना सामान लेकर नीचे उतरने लगे। गनीमत रही कि हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। चारों प्रभावित कोचों में करीब 300 यात्री सवार थे। रेलवे अधिकारियों और इंजीनियरिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कराया। यात्रियों को रात नौ बजे स्पेशल ट्रेन से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
ट्रेन नंबर 15003 चौरी चौरा एक्सप्रेस बुधवार शाम कानपुर अनवरगंज से गोरखपुर के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पहुंची थी। यहां से शाम 5:03 बजे ट्रेन ने प्रस्थान किया। स्टेशन से आगे बढ़ते ही ट्रेन के एसी कोच बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 पटरी से उतर गए। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। किसी को कुछ समझ में नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। कोचों में तेज आवाज और झटके महसूस होने के बाद यात्री बाहर निकलने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी, इंजीनियरिंग और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। कानपुर सेंट्रल के डिप्टी चीफ ट्रैफिक मैनेजर आकांक्षु गोविल की निगरानी में राहत कार्य शुरू कराया गया। प्रभावित कोचों में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचाया गया। वहां यात्रियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
यात्री बोला- तेज झटका लगा, बच्चा ट्रेन में गिर पड़ा
हादसे के दौरान ट्रेन में मौजूद एक यात्री ने बताया कि वह परिवार के साथ छठ पूजा के लिए घर जा रहा था। उसकी सीट बी-6 कोच में 78 नंबर पर थी। उसका बच्चा टॉयलेट गया था। इसी दौरान ट्रेन रवाना हुई और अचानक तेज झटका लगा। झटके से बच्चा ट्रेन के अंदर गिर पड़ा। यात्री ने बताया कि पहले तो किसी को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन कोच में अफरा-तफरी मचने लगी। यात्री घबराकर नीचे उतरने लगे। बाहर आने पर पता चला कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए हैं।
अचानक एक तरफ झुकने लगा मेरा कोच
कानपुर से देवरिया जा रहे यात्री संजीव त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन के रवाना होते ही तेज आवाज सुनाई दी। वह जिस कोच में बैठे थे, वह अचानक एक तरफ झुकने लगा। इसके साथ ही तेज खड़खड़ाहट होने लगी। यात्रियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई तो वे अपना सामान लेकर नीचे उतरने लगे। बाहर निकलने पर उन्हें पता चला कि ट्रेन के चार एसी कोच पटरी से उतर गए हैं।
स्पेशल ट्रेन से भेजे गए यात्री, टिकट का मिलेगा पूरा रिफंड
डिप्टी चीफ ट्रैफिक मैनेजर आकांक्षु गोविल ने बताया कि पटरी से उतरे चार कोचों में करीब 300 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर एक पर सुरक्षित स्थान पर रोका गया और उनके लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इसके बाद रात नौ बजे स्पेशल ट्रेन नंबर 05003 से सभी यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
उन्होंने बताया कि जो यात्री हादसे के बाद आगे की यात्रा नहीं करना चाहते हैं, उन्हें टिकट काउंटर से किराये का 100 प्रतिशत रिफंड दिया जाएगा। हादसे के कारण स्टेशन पर रेल यातायात बाधित नहीं हुआ है।
जांच कमेटी करेगी हादसे की वजह की पड़ताल
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवम शर्मा ने बताया कि फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है। प्रभावित कोचों को दोबारा पटरी पर चढ़ाने और यात्रियों की व्यवस्था पूरी होने के बाद जांच कमेटी गठित की जाएगी। कमेटी हादसे के सभी पहलुओं की जांच करेगी। तकनीकी खामी, ट्रैक और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।


