राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सर मंतशा की संदिग्ध मौत, हाईवे किनारे मिला शव; कपड़े बदलने और कार से लाकर फेंकने का शक

कानपुर। राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सर मंतशा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। महाराजपुर में महोली कोल्ड स्टोरेज के पास हाईवे किनारे मिले उसके शव के कपड़े घर से निकलते समय पहने कपड़ों से अलग थे। परिजनों ने गैरबिरादरी के युवक पर प्रताड़ित करने और हत्या के बाद शव हाईवे किनारे फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस युवक की तलाश में जुटी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के अमृतसर भागने की सूचना पर एक टीम रवाना की गई है।
घर से काले कपड़े पहनकर निकली थी मंतशा, शव पर मिला हरा टॉप
मंतशा की बहन खुशबू के मुताबिक, वह घर से काली जींस, जूते और काले-सफेद रंग का कोट पहनकर निकली थी। जबकि महाराजपुर में उसका शव मिला तो शरीर पर हरे रंग का टॉप और काला लोअर था। शव के पास जूते या चप्पल भी नहीं मिले। पैरों पर मिट्टी के निशान तक नहीं थे। इन परिस्थितियों के आधार पर परिजनों ने आशंका जताई कि मंतशा को कार से लाकर हाईवे किनारे फेंका गया।
शादी से इनकार को लेकर युवक से हुआ था विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घर से निकलने के बाद मंतशा की चकेरी क्षेत्र में परिचित युवक से मुलाकात हुई थी। बताया जा रहा है कि युवक गैरबिरादरी का होने के कारण शादी के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक, विवाद के बाद मंतशा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर युवक उसे अस्पताल ले जाने के बजाय कार से हाईवे की ओर ले गया। महाराजपुर पहुंचने तक उसकी मौत हो गई, जिसके बाद शव को सड़क किनारे छोड़कर युवक फरार हो गया। हालांकि, घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मैरी कॉम को आदर्श मानकर बॉक्सिंग में बनाया मुकाम
मंतशा के पिता बी. प्रमोद ने बताया कि वह खुद कराटे में ब्लैक बेल्ट रहे हैं। बेटी बचपन से ही बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम को अपना आदर्श मानती थी। उसकी खेल के प्रति रुचि और लगन देखकर पिता ने भी उसे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। बॉक्सिंग का हुनर सीखने के लिए उसे असम भेजा था। मंतशा के कोच अभिषेक कुमार सिंह हैं, जो डिफेंसकर्मी भी रह चुके हैं।
घर में चल रही थीं शादी की तैयारियां
मंतशा की मां संजना ने बताया कि इसी महीने की 18 तारीख को उनके भाई की बेटी की शादी होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। मंतशा शाम को लालबंगला बाजार से खरीदारी करके लौटने की बात कहकर घर से निकली थी। मां के मुताबिक, बेटी की खेल कोटे से असम राइफल्स में नौकरी लगने वाली थी।
बहन खुशबू ने बताया कि उनका परिवार मूलरूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई का रहने वाला है। कुछ साल पहले परिवार कानपुर आया था। पहले रेलबाजार में किराये पर रहा और बाद में इखलाकनगर में रहने लगा।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जीते कई पदक
मंतशा ने बॉक्सिंग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए थे।
- वर्ष 2014 में यूपी एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के तहत स्वर्ण पदक जीता।
- वर्ष 2015 में भी यूपी एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया।
- वर्ष 2015 में ऑल इंडिया इंटर साई बॉक्सिंग टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीता।
- वर्ष 2017 में वूमेन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया।
- वर्ष 2018-19 में ऑल असम सब जूनियर एंड जूनियर प्रतियोगिता में रजत पदक जीता।
- वर्ष 2019 में असम एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के बैनर तले खेलते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
- ऑल इंडिया इंटर रीजनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में भी प्रतिभाग किया था।
लापता होने की सूचना के बाद दर्ज हुई अपहरण की रिपोर्ट
परिजन के मुताबिक, मंतशा के लापता होने पर वे बृहस्पतिवार शाम गंगाघाट थाने पहुंचे थे। पुलिस ने शुक्रवार देर रात करीब एक बजे अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। परिजनों ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि समय रहते कार्रवाई होती तो मामले में अहम जानकारी मिल सकती थी।
पोस्टमार्टम में चोट के निशान नहीं, विसरा सुरक्षित
मंतशा के शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ किया। डॉक्टरों के अनुसार, शरीर पर चोट के बाहरी निशान नहीं मिले। मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। इसके अलावा स्वाब, नाखून, बाल, फेफड़े और हृदय समेत अन्य नमूने भी जांच के लिए सुरक्षित रखे गए हैं। जहर की पुष्टि के लिए स्लाइड तैयार की गई है।
एसपी उन्नाव जय प्रकाश सिंह ने बताया कि परिजनों ने गंगाघाट थाने में बेटी के लापता होने की सूचना दी थी। पोस्टमार्टम में जहर से मौत की बात सामने आई है। जांच में परिचित युवक से शादी को लेकर विवाद के बाद मंतशा के जहरीला पदार्थ निगलने की बात सामने आ रही है। युवक की तलाश की जा रही है। उसके पकड़े जाने के बाद घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।


