यूपी में बदला मौसम, लखनऊ समेत कई जिलों में गुलाबी ठंड ने दी दस्तक
लखनऊ। यूपी में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने मौसम में हल्की गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। जिससे तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। मौसम के इस बदले मिजाज ने लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित की। कई इलाकों में सुबह से आसमान पर बादलों का डेरा रहा, जबकि बारिश और हवाओं के कारण लोगों को ठिठुरन का एहसास हुआ।
मौसम विभाग ने आने वाले घंटों को लेकर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में आंधी, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।वहीं, अगर बात करें तापमान की तो पिछले कुछ दिनों से यूपी में हल्की बारिश से सुबह और शाम को ठंड का ऐहसास भी हो रहा है।बुधवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.2 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, यूपी के दुसरे कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। आइएमडी ने गुरुवार को भी पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना जताई है। कहीं-कहीं वज्रपात की भी आशंका है। शुक्रवार से मौसम साफ हो सकता है।यूपी में मौसम के करवट लेने के साथ तापमान के आंकड़ों में भी बदलाव देखने को मिला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के 8 अक्टूबर के आंकड़ों के मुताबिक, कई शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। वहीं कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रहा। वहीं, बदले मौसम का असर बुधवार को कई जिलों पीलीभीत, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सुल्तानपुर और गाजीपुर में में देखने को मिला। बारिश के साथ चली तेज हवाओं से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के मुताबिक, बृहस्पतिवार को भी पूर्वाचल और तराई के इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है।

