कानपुर में सुबह ठंड, दोपहर में तेज धूप निकलेगी

कानपुर में सुबह ठंड, दोपहर में तेज धूप निकलेगी

19 और 20 नवंबर को बादल छा सकते हैं, बारिश की संभावना नहीं, सुबह के समय हल्की ठंड का एहसास व धुंध भी छाई

कानपुर।  कानपुर में सोमवार को सुबह सर्द हवाएं ठंडक का एहसास करा रही हैं। हल्की धुंध भी छाई है। आसमान साफ है, धूप निकली है। दिन में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम साफ रहने के साथ फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। अगले 10 दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। 19 और 20 नवंबर के आसपास आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन इससे बारिश की संभावना नहीं के बराबर है।

दोपहर में तेज धूप निकलेगी

मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि अगले एक सप्ताह से अधिक समय तक आसमान साफ रहने और दिन में तेज धूप खिलने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं फिलहाल लगातार नहीं चल पा रही हैं। इनकी रफ्तार 3 से 8 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि हवा में नमी 47 से 64 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि जब पहाड़ों से आने वाली शुष्क हवाओं की निरंतरता बढ़ती है, तब दिन के तापमान में भी गिरावट आती है और ठंडक बढ़ने लगती है।

रबी की बुआई के लिए अनुकूल मौसम

उन्होंने बताया कि नवंबर का दूसरा पखवाड़ा रबी की फसलों की बुआई के लिए अनुकूल है। दिन में धूप और रात में तापमान में गिरावट गेहूं, चना, मटर और मसूर के बीजों के अंकुरण और जड़ों के विकास में मददगार होती है। बारिश की संभावना न होने से किसान खरीफ की बची हुई फसलों की कटाई, मड़ाई और सुखाई कर अनाज को सुरक्षित रख सकते हैं। हालांकि, शुष्क हवाओं से खेतों की ऊपरी सतह की नमी तेजी से कम हो सकती है। ऐसे में बुआई से पहले पलेवा या सिंचाई करना फायदेमंद रहेगा।

रविवार को दिन-रात का तापमान सामान्य से ऊपर

सीएसए की ओर से जारी रविवार की मौसम रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा, यह भी सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक रही, जबकि दिन में तेज धूप ने गर्मी का एहसास कराया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *