प्रदेश में सबसे ठंडा रहा कानपुर, पारा 9.4 डिग्री पर पहुंचा

प्रदेश में सबसे ठंडा रहा कानपुर, पारा 9.4 डिग्री पर पहुंचा

सुबह हल्की धुंध और ठंडी हवाओं ने बढ़ाई गलन, 21 नवंबर से छाएंगे बादल; एक-दो दिन शीतलहर चलने के आसार

कानपुर। मौसम तेजी से करवट ले रहा है। सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटे में कानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार सुबह हल्की धुंध और ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया। घरों से बाहर निकले लोगों को ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, कानपुर मंडल में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

21 नवंबर की दोपहर से बदल सकता है मौसम

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक शनिवार यानी 21 नवंबर की दोपहर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 21 और 22 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं। बीच-बीच में घने बादल भी छा सकते हैं, जिससे बारिश जैसा मौसम महसूस होगा। हालांकि, कानपुर मंडल में फिलहाल बारिश की संभावना कम है।

बादलों से बढ़ेगा रात का तापमान, दिन में रहेगी ठंडक

डॉ. पांडेय ने बताया कि बादल छाने से रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि दिन के तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। बादलों की वजह से धूप का असर कम रहेगा। वातावरण में नमी बढ़ने से सुबह और शाम हल्की सिहरन महसूस होगी। ऐसे में लोगों को दिन में भी ठंड का एहसास हो सकता है।

बीच-बीच में पड़ सकती है शीतलहर

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार उत्तरी ध्रुव पर तापमान सामान्य से आठ से दस डिग्री अधिक दर्ज होने के कारण पोलर वोर्टेक्स कमजोर हो रहा है। इसका असर यूरोप और एशिया के मौसम पर पड़ सकता है। आने वाले दिनों में ठंडी हवाओं के कारण एक-दो दिन के लिए शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। हालांकि, इसके बाद दिन का तापमान फिर बढ़ने का अनुमान है।

बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह

डॉ. पांडेय ने बताया कि दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर होने से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। ऐसे में सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनकर ही घर से निकलें। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदूषण के दौरान मास्क लगाएं और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। वहीं, धूप में काम करने वाले किसान और श्रमिक बीच-बीच में पानी पीते रहें और पर्याप्त आराम करें। मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच थोड़ी सी सावधानी बरतकर सर्दी और मौसमी बीमारियों से बचा जा सकता है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *