काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे नितिन नवीन, युवाओं से किया सीधा संवाद

काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे नितिन नवीन, युवाओं से किया सीधा संवाद

वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन गुरुवार सुबह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने श्रद्धापूर्वक मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई मंत्री, विधायक और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंदिर दर्शन के बाद नितिन नवीन ने विशिष्टजनों के साथ मुलाकात की और बनारसी जलेबी-कचौड़ी का स्वाद भी लिया। इसके बाद वह महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्थित गांधी अध्ययन पीठ पहुंचे, जहां उन्होंने जेन-जी के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। युवा संवाद के दौरान उन्होंने युवाओं से सीधे बातचीत की और उनके विचार तथा सवाल सुने। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी के साथ संवाद बढ़ाने और युवाओं की अपेक्षाओं को समझना रहा। इसके बाद नितिन नवीन रोहनिया स्थित गोकुल धाम पहुंचे, जहां दोपहर के भोजन के साथ पार्टी की कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। पहली बैठक में पिछले तीन कार्यकालों में क्षेत्र, जिला और महानगर स्तर पर जिम्मेदारी संभाल चुके पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसमें करीब 700 पदाधिकारी शामिल रहे। इसके अलावा लगभग 70 पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक प्रस्तावित रही। आगे जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, क्षेत्र पदाधिकारियों और क्षेत्र में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इस बैठक में करीब 90 पदाधिकारियों के शामिल होने की जानकारी दी गई। बैठकों के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के संपर्क और आगामी राजनीतिक तैयारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। नितिन नवीन ने पदाधिकारियों के साथ भोजन भी किया। उनका वाराणसी दौरा पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह रात करीब आठ बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से पार्टी मुख्यालय के लिए रवाना होंगे।
युवाओं से संवाद पर रहा जोर
काशी विद्यापीठ के गांधी अध्ययन पीठ में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में नितिन नवीन ने जेन-जी के युवाओं से सीधे बातचीत की। कार्यक्रम में युवाओं को अपने विचार रखने और सवाल पूछने का अवसर मिला। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नई पीढ़ी के विचारों को सुनने और उनके साथ सीधा जुड़ाव बनाने पर जोर दिया। इस संवाद के जरिए युवाओं की सोच, उनकी अपेक्षाओं और भविष्य से जुड़े मुद्दों को समझने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठकें
रोहनिया के गोकुल धाम में नितिन नवीन ने पार्टी के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें कीं। इनमें क्षेत्र, जिला और महानगर स्तर के पदाधिकारियों के साथ पूर्व जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे। इसके अलावा जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। बैठकों का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों के साथ भोजन भी किया गया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *