उत्तर-पश्चिमी हवाओं से बढ़ेगी ठंड, 24 घंटे में 3.8 डिग्री लुढ़का न्यूनतम पारा

उत्तर-पश्चिमी हवाओं से बढ़ेगी ठंड, 24 घंटे में 3.8 डिग्री लुढ़का न्यूनतम पारा

सुबह-शाम गुलाबी सर्दी का असर तेज, दिन में धूप के बावजूद कम महसूस होगी गर्माहट; रात के तापमान में और गिरावट के आसार

कानपुर। शहर में अब सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। बुधवार सुबह से चल रही सर्द हवाओं ने ठंडक का एहसास कराया। आसमान साफ रहने के साथ दिन में तेज धूप निकलने की संभावना है, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते धूप की गर्माहट पहले जैसी नहीं रहेगी। दोपहर में भी हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बनी रहेगी। वहीं, रात के तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच गिरावट का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस गिर गया है।

उत्तर-पश्चिमी हवाएं बढ़ाएंगी ठंड

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के चलने से दिन और रात दोनों के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हवाओं की रफ्तार सामान्य तौर पर 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे और कहीं-कहीं 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे दोपहर की धूप में भी पहले जैसी गर्माहट महसूस नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि रात में बादल छाने पर तापमान बढ़ सकता है, जबकि आसमान साफ रहने पर इसमें क्रमिक गिरावट होगी। फिलहाल अगले 24 घंटे तक सुबह और शाम गुलाबी सर्दी के साथ ठंडक बढ़ने के आसार हैं।

 24 घंटे में 3.8 डिग्री गिरा न्यूनतम पारा

सीएसए की ओर से जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस था।

इस तरह एक दिन में अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। इससे साफ है कि रात की ठंडक अब तेजी से बढ़ने लगी है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *