तीव्र मोड़ के आगे टूटी पुलिया की रेलिंग दे रही हादसे को दावत
रमईपुर-सचेंडी मार्ग पर पांडु नदी के माइनर का तेज बहाव, जिम्मेदार बेखबर
कानपुर। रमईपुर-सचेंडी मार्ग पर तीव्र मोड़ के पास पांडु नदी के माइनर पर बनी पुलिया की रेलिंग टूट जाने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। बारिश के चलते माइनर में पानी का स्तर बढ़ने के साथ बहाव भी तेज है। इसके बावजूद क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत अथवा सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है।
तीव्र मोड़ के पास स्थित इस पुलिया से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। पुलिया की रेलिंग का बड़ा हिस्सा टूट चुका है, जिससे वाहन चालकों के सामने दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। खासकर तेज रफ्तार वाहनों और रात के समय यहां स्थिति और जोखिम भरी हो जाती है।
वर्तमान में माइनर में पानी अधिक होने के कारण बहाव भी तेज है। ऐसे में यदि कोई वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया के किनारे पहुंचता है तो टूटी रेलिंग के कारण वाहन के माइनर में गिरने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया पर सुरक्षा के लिहाज से रेलिंग बेहद जरूरी है, लेकिन इसके टूटने के बाद भी जिम्मेदार विभाग की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने क्षतिग्रस्त रेलिंग की जल्द मरम्मत कराने और पुलिया के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान माइनर का तेज बहाव और पुलिया की टूटी रेलिंग किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर जिम्मेदार किसी दुर्घटना का इंतजार क्यों कर रहे हैं।

