चाची पर चाकू से चार वार करने के बाद फरार युवक का जंगल में फंदे से लटका मिला शव, अफेयर को लेकर हुआ था विवाद
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के पलरा गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी रिश्ते की चाची पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। शनिवार को युवक का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर जंगल में पेड़ से मफलर के सहारे लटका मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में युवक और उसकी चाची के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। गुरुवार को शादी समारोह के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद युवक ने चाची पर चाकू से चार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

उम्र में 10 साल बड़ी चाची से थे प्रेम संबंध
साढ़ थाना क्षेत्र के बेहटा बुजुर्ग गांव निवासी शिवम उर्फ त्रेहन (22) ड्राइवर का काम करता था। उसके पिता फल सिंह खेती-किसानी करते हैं। शिवम का अपनी रिश्ते की चाची के घर आना-जाना था। पिता के मुताबिक, इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत होने लगी और उनके संबंध बन गए। चाची उम्र में उससे करीब 10 साल बड़ी थीं।
26 नवंबर को शिवम अपनी बुआ के घर शादी समारोह में शामिल होने गया था। समारोह के दौरान देर शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान शिवम ने चाची पर चाकू से कई वार कर दिए। महिला को लहूलुहान हालत में छोड़कर वह मौके से भाग निकला। परिजन उसकी तलाश करते रहे, जबकि घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जंगल में पेड़ से लटका मिला शव
शनिवार को शिवम का शव शादी समारोह स्थल से करीब 500 मीटर दूर सचेंडी के जंगल में पेड़ से मफलर के सहारे लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर सचेंडी थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सचेंडी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


