मंगेतर से फोन पर विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान

मंगेतर से फोन पर विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान

जाजमऊ की दीदार बस्ती में घटना, 14 दिसंबर को होनी थी शादी; परिवार का इकलौता बेटा था फरियाद, मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल

कानपुर। मंगेतर से फोन पर हुई बातचीत के दौरान विवाद एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। जाजमऊ की दीदार बस्ती में मंगलवार रात 21 वर्षीय युवक ने घर के दूसरे कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त परिवार के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। काफी देर बाद मां कमरे में पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर परिजन अंदर पहुंचे तो युवक का शव फंदे से लटकता मिला। परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान फरियाद अहमद उर्फ सुल्तान (21) के रूप में हुई है। वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से मां राबिया खातून और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने रात करीब एक बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।

 20 साल से कानपुर में रह रहा था परिवार

फरियाद मूलरूप से गोंडा के मनकापुर का रहने वाला था। उसका परिवार करीब 20 वर्षों से जाजमऊ की दीदार बस्ती में किराये के मकान में रह रहा है। पिता सिराज अहमद और फरियाद कबाड़ की फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में मां राबिया खातून और एक बहन है। फरियाद इकलौता बेटा था।

14 दिसंबर को होनी थी शादी, घर में चल रही थीं तैयारियां

परिजनों के मुताबिक, फरियाद की शादी गोंडा में तय हुई थी। 14 दिसंबर को शादी होनी थी। परिवार की सहमति से प्रेम विवाह को अरेंज मैरिज का रूप देने की तैयारी थी। घर में शादी को लेकर खरीदारी और अन्य तैयारियां चल रही थीं।

बताया गया कि घटना से पहले फरियाद की अपनी मंगेतर से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। हालांकि, विवाद किस बात पर हुआ था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

मां कमरे में पहुंचीं तो अंदर से बंद था दरवाजा

परिजनों के मुताबिक, फोन पर बातचीत के बाद फरियाद ने खाना खाया और घर के दूसरे कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसकी मां सोने के लिए बिस्तर लगाने पहुंचीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर परिजनों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर फरियाद का शव फंदे से लटकता मिला।

आनन-फानन में परिजन उसे लेकर तीन निजी अस्पताल पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने कांशीराम अस्पताल ले जाने की सलाह दी। कांशीराम अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जाजमऊ थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *