संभव की मौत को पिता ने बताया साजिशन हत्या, बोले- फ्लैट था या फुटबॉल का मैदान जो गिरकर मर जाता बेटा
कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र स्थित रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल से गिरकर कागज कारोबारी के बेटे की मौत के मामले में शनिवार को पिता विशाल खंडेलवाल ने बिठूर थाने में अपने बयान दर्ज कराए। इस दौरान उन्होंने बेटे की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि फ्लैट था या फुटबॉल का मैदान, जो वहां खेलते समय गिरकर उनके बेटे संभव की मौत हो जाती। व्हाट्सएप चैट डिलीट होना, परिवार के सदस्यों के अलग-अलग बयान, गर्लफ्रेंड के मामा की ओर से एक महीने पहले जान से मारने की धमकी देना और परिस्थितिजन्य साक्ष्य कई सवाल खड़े कर रहे हैं। पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद एक बार फिर पिता के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान विशाल फ्लैट के ऊपर नहीं गए और नीचे से ही पुलिस को जानकारी दी।

साजिश के तहत बेटे की हत्या का आरोप, चैट रिकवर होने से खुलेगा राज
कौशलपुरी निवासी कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल का 22 वर्षीय बेटा संभव 14 नवंबर की दोपहर बिठूर के रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट के टावर-दो की छठवीं मंजिल पर रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड सुहाना से मिलने गया था। कुछ देर बाद ही संभव बालकनी से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पिता विशाल खंडेलवाल की तहरीर पर बिठूर पुलिस ने सुहाना, उसकी मां मनीषा उधानी, भाई प्रवीण समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की जांच कर रहे बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल ने शनिवार को अपने बयान दर्ज कराए हैं। उन्होंने बयान में तहरीर में लगाए गए आरोपों को दोहराते हुए कहा कि उनका बेटा समझदार था। वह इस तरह बालकनी से गिरकर अपनी जान नहीं गंवा सकता। उनका आरोप है कि साजिश के तहत बेटे को फ्लैट पर बुलाकर उसकी हत्या की गई है।
विशाल ने व्हाट्सएप चैट डिलीट होने, गर्लफ्रेंड और उसके परिवार के सदस्यों के अलग-अलग बयान, सीसीटीवी बंद होने और सुहाना के भाई प्रवीण की ओर से बेटे के साथ विवाद व जान से मारने की धमकी दिए जाने का जिक्र किया। उन्होंने इन सभी परिस्थितियों को बेटे की हत्या की साजिश से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
बिठूर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि वादी विशाल खंडेलवाल ने अपने बयान में बेटे को ऊपर से फेंके जाने की आशंका जताई है। घटनास्थल की नक्शा नजरी तैयार की गई है। मौजूदा साक्ष्यों के आधार पर फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। मामले की विवेचना जारी है।
‘डोंट कम’ का मैसेज, अब चैट रिकवर होने का इंतजार
कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल ने बताया कि मनीषा बंबानी, सुहाना बंबानी और प्रवीण उधानी ने उनके बेटे के साथ साजिश की है। घटनाक्रम के दौरान कई ऐसी बातें सामने आईं, जिनसे उनका शक और गहरा गया। उन्होंने बताया कि बेटे की गर्लफ्रेंड ने उसकी मौत से पहले उसे ‘डोंट कम’ का मैसेज भेजा था। इसके अलावा बेटे के मोबाइल में कई व्हाट्सएप चैट डिलीट मिली हैं। पुलिस पूछताछ में प्रवीण की ओर से भी कई बार बयान बदले जाने की बात सामने आई है। पिता का कहना है कि इन परिस्थितियों की गहराई से जांच होनी चाहिए।
विवेचक के मुताबिक, व्हाट्सएप चैट रिकवर कराने के साथ ही मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चश्मा, घड़ी और मोबाइल क्षतिग्रस्त नहीं होने पर उठाए सवाल
विशाल खंडेलवाल ने बेटे के मोबाइल से छेड़छाड़ किए जाने की भी आशंका जताई। उनका कहना है कि छठवीं मंजिल से गिरने के बाद भी बेटे का चश्मा, मोबाइल और घड़ी क्षतिग्रस्त नहीं हुए। उन्होंने इसे भी घटना की परिस्थितियों से जुड़ा अहम सवाल बताते हुए पुलिस से इसकी जांच कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


