किदवई नगर में युवक ने फंदा लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
कानपुर। किदवई नगर थाना क्षेत्र के नटवन टोला में सोमवार देर रात एक युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अभिषेक राजपूत (22) के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अभिषेक नशे का आदी था और आए दिन घर में विवाद करता था। सोमवार देर रात उसने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलने पर किदवई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


