हैलट में जटिल सर्जरी कर आठ साल से गर्दन में फंसा कांच का टुकड़ा निकाला, स्पाइनल कॉर्ड के पास था तीन इंच लंबा कांच
कानपुर के हैलट अस्पताल में डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर 29 वर्षीय युवक की गर्दन में आठ साल से फंसे कांच के टुकड़े को बाहर निकाल दिया। करीब तीन इंच लंबा यह टुकड़ा स्पाइनल कॉर्ड के पास फंसा हुआ था। पिछले तीन महीने से युवक को चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। गर्दन घुमाने में दिक्कत के साथ नीचे झुकने पर चक्कर भी आते थे। न्यूरो सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने माइक्रोस्कोप की मदद से ऑपरेशन कर कांच का टुकड़ा निकालने में सफलता हासिल की।


मरीज फतेहपुर के किशनपुर क्षेत्र का रहने वाला अनूप कुमार है। करीब आठ साल पहले हुए सड़क हादसे में उसके शरीर के कई हिस्सों में कांच के टुकड़े घुस गए थे। इनमें से ज्यादातर टुकड़े निकल गए, लेकिन एक टुकड़ा गर्दन में स्पाइनल कॉर्ड के पास रह गया था। शुरुआत में उसे कोई खास परेशानी नहीं हुई, लेकिन समय बीतने के साथ उसकी दिक्कतें बढ़ने लगीं।
गर्दन की मूवमेंट हो रही थी प्रभावित
न्यूरो सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि अनूप कुमार को करीब तीन महीने से चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। गर्दन की मूवमेंट भी प्रभावित हो गई थी। आठ साल पहले हुए हादसे के बाद शरीर में घुसे कांच के टुकड़ों में से एक गर्दन में ही रह गया था। जांच में इसकी स्थिति का पता चलने के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।
नीचे झुकते ही आने लगते थे चक्कर
डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि मरीज ने कुछ दिन पहले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में अपना चेकअप कराया था। उसने बताया था कि गर्दन में पिछले कई महीनों से लगातार दर्द बना हुआ है। गर्दन नीचे झुकाते ही चक्कर आने लगते थे और गिरने की स्थिति बन जाती थी। इसके बाद उन्होंने सहयोगी डॉ. सौरभ सिंह और अन्य चिकित्सकों के साथ सर्जरी करने का फैसला किया। माइक्रोस्कोप की मदद से सावधानीपूर्वक ऑपरेशन कर स्पाइनल कॉर्ड के पास फंसे कांच के टुकड़े को बाहर निकाल दिया गया।

