रात में सड़क निर्माण का औचक निरीक्षण, सांसद ने ठेकेदार को लगाई फटकार

रात में सड़क निर्माण का औचक निरीक्षण, सांसद ने ठेकेदार को लगाई फटकार

कानपुर। शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की हकीकत परखने के लिए मंगलवार देर रात करीब 11 बजे सांसद रमेश अवस्थी औचक निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने गेस्ट्रोलीवर हॉस्पिटल से हैलट की ओर जाने वाली सड़क पर चल रहे सीएम ग्रिड निर्माण कार्य का जायजा लिया। निर्माण स्थल पर सड़क पर गड्ढे और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं मिलने पर सांसद ने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाकर फटकार लगाई।
सांसद ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें पहले भराया जाए। इसके बाद ही आगे का निर्माण कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन घरों के सामने निर्माण के लिए गड्ढे खोदे गए हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
न रोशनी मिली, न सुरक्षा संकेतक
निरीक्षण के दौरान सांसद ने पाया कि सड़क पर निर्माण कार्य चलने के बावजूद पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं की गई थी। राहगीरों को सावधान करने के लिए जरूरी डायवर्जन और सुरक्षा संकेतक बोर्ड भी नहीं लगाए गए थे। इस पर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। सड़क पर काम के दौरान पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ जरूरी चेतावनी, डायवर्जन और सुरक्षा बोर्ड लगाए जाएं, ताकि राहगीरों को किसी तरह की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
नवरात्र तक सड़कें दुरुस्त कराने की समय-सीमा
सांसद रमेश अवस्थी ने शहर की खराब सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए संबंधित विभागों और ठेकेदारों को नवरात्र तक की समय-सीमा दी है। इसके बाद वह लगातार शहर में चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। मंगलवार रात निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर आम जनता को असुविधा या खतरे में डालना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने ठेकेदार को चेतावनी दी कि दोबारा लापरवाही सामने आने पर भारी जुर्माने के साथ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *