कानपुर को मिलेगी लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की सीधी कनेक्टिविटी, जल्द शुरू होगा जमीनी सर्वे
सांसद रमेश अवस्थी की पहल पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिए कार्रवाई के निर्देश, एनएचएआई संभावित मार्गों का करेगी सर्वे; डीपीआर तैयार होने के बाद आगे बढ़ेगी परियोजना
कानपुर। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से कानपुर शहर को सीधे जोड़ने की दिशा में जल्द ही महत्वपूर्ण कदम उठाए जाने की तैयारी है। लंबे समय से शहरवासियों की ओर से उठाई जा रही सीधी कनेक्टिविटी की मांग अब आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। एक्सप्रेसवे शहर की सीमा से करीब छह किलोमीटर दूर होने के कारण कानपुर के लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में शहर को एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ने के लिए जमीनी सर्वे कराने की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
इस मामले को लेकर सांसद रमेश अवस्थी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर कानपुर की यातायात व्यवस्था और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एक्सप्रेसवे की सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी। सांसद ने केंद्रीय मंत्री को बताया था कि एक्सप्रेसवे शहर के बेहद नजदीक होने के बावजूद सीधे जुड़ाव की सुविधा नहीं होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने मंत्रालय के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
एनएचएआई करेगी संभावित मार्गों की पड़ताल
केंद्रीय मंत्री के निर्देश के बाद मंत्रालय और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को इस दिशा में जमीनी पड़ताल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एनएचएआई की टीम संभावित कनेक्टिविटी मार्गों का सर्वे करेगी। इसमें जमीन की उपलब्धता, मौजूदा सड़कों की स्थिति, यातायात का दबाव और तकनीकी जरूरतों का बारीकी से आकलन किया जाएगा। सर्वे के दौरान यह भी देखा जाएगा कि किस मार्ग से एक्सप्रेसवे को शहर से जोड़ना अधिक सुविधाजनक और व्यावहारिक रहेगा।
डीपीआर में तय होगा कनेक्टिविटी का पूरा खाका
जमीनी सर्वे पूरा होने के बाद उसकी रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। इसमें प्रस्तावित मार्ग, निर्माण की तकनीकी व्यवहार्यता, आवश्यक भूमि और आधारभूत ढांचे से जुड़ी व्यवस्थाओं का पूरा विवरण शामिल होगा। डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना के प्रस्ताव को संबंधित स्तर से स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद आगे की प्रक्रिया और निर्माण संबंधी निर्णय लिए जाएंगे।
शहर के कारोबार और यातायात को मिलेगा फायदा
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से सीधा जुड़ाव मिलने पर कानपुर के लोगों को लखनऊ जाने और वहां से शहर लौटने में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा व्यापारिक वाहनों, औद्योगिक इकाइयों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भी लाभ होगा। शहर से एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी और समय की समस्या कम हो सकती है। कानपुर की बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव को देखते हुए यह कनेक्टिविटी भविष्य में शहर के विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाली परियोजना साबित हो सकती है।


