बाबा श्याम के भजनों पर रातभर झूमे श्रद्धालु, सुबह आठ बजे तक सजा रहा दरबार
गांधी विद्या पीठ इंटर कॉलेज में हुआ भव्य श्याम संकीर्तन, भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से बांधा समां

घाटमपुर। नगर में बाबा श्री खाटू श्याम की भक्ति का ऐसा रंग चढ़ा कि श्रद्धालु पूरी रात भजनों की धुन पर झूमते रहे। बाबा श्याम के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा। देर रात से लेकर सुबह तक चले संकीर्तन में श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। भजन गायकों की प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि भक्त अपनी जगह पर थिरकने को मजबूर हो गए।
घाटमपुर नगर स्थित गांधी विद्या पीठ इंटर कॉलेज में श्री श्याम दीवाना परिवार की ओर से बाबा श्री श्याम के भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाबा श्याम का आकर्षक दरबार सजाया गया, जिसे फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य स्वरूप दिया गया। बाबा के दर्शन के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
संकीर्तन में भजन गायक कुंज बिहारी दास और संदीप मस्ताना ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को भावविभोर कर दिया। दोनों गायकों ने बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। भजनों की शुरुआत होते ही पंडाल में मौजूद श्रद्धालु झूमने लगे। कोई हाथ उठाकर बाबा की भक्ति में लीन नजर आया तो कोई जयकारों के साथ अपनी श्रद्धा प्रकट करता रहा।
जैसे-जैसे रात आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे भक्तों का उत्साह भी बढ़ता गया। देर रात तक पंडाल श्रद्धालुओं से भरा रहा। बाबा श्याम के भजनों पर महिला, पुरुष और युवा जमकर झूमते रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
श्री श्याम दीवाना परिवार की ओर से आयोजित संकीर्तन सुबह आठ बजे तक चला। सुबह तक श्रद्धालु भजनों का आनंद लेते रहे। बाबा श्याम के जयकारों के बीच संकीर्तन का समापन हुआ।


