डांसर कृष्ण की संदिग्ध मौत से हड़कंप, गले पर मिले चोट के निशान

डांसर कृष्ण की संदिग्ध मौत से हड़कंप, गले पर मिले चोट के निशान

परिजनों ने मोहल्ले के युवक पर लगाया हत्या का आरोप, 9 अक्टूबर को दिल्ली में देना था डांस ऑडिशन
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के घाऊखेड़ा की सुलभ वाली गली में बुधवार सुबह डांसर कृष्ण कुमार उर्फ कल्लू (21) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। युवक अपने कमरे में बेड पर अचेत अवस्था में मिला। उसके गले पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने मोहल्ले के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
रात दो बजे तक मोबाइल चला रहा था कृष्ण
घाऊखेड़ा निवासी शम्भूनाथ पासवान जाजमऊ स्थित एक टेनरी में काम करते हैं। परिवार में पत्नी गीता देवी, बड़ा बेटा ऋषभ कुमार, बहू सलोनी और पोती नित्या हैं। गीता देवी ने बताया कि कृष्ण रात करीब 11 बजे से दो बजे तक मोबाइल चला रहा था। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया।
परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब पांच बजे गीता देवी को आहट हुई कि कोई सीढ़ियों से नीचे गया है। कुछ देर बाद वह कृष्ण को जगाने उसके कमरे में पहुंचीं। कृष्ण का मुंह तकिये से ढका हुआ था। उन्होंने तकिया हटाकर बेटे को आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने बड़े बेटे ऋषभ कुमार को जगाया।
निजी अस्पताल के बाद कांशीराम अस्पताल ले गए
कृष्ण के कमरे से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। परिजन आनन-फानन में कृष्ण को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे कांशीराम अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
कृष्ण के बड़े भाई ऋषभ कुमार ने आरोप लगाया कि उसका मोहल्ले में रहने वाले एक युवक से पुराना विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, 21 सितंबर को कृष्ण को रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट की गई थी। आरोप है कि इसके बाद घर पर भी पथराव किया गया, जिसमें उनकी मां गीता देवी के पैर में चोट लगी थी।
परिजनों का दावा है कि पुराने विवाद से जुड़े मामले में कृष्ण महत्वपूर्ण गवाह था और उसकी गवाही होनी बाकी थी। आरोप है कि उसे कई बार गवाही देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। परिवार का यह भी आरोप है कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।
परिजनों ने आशंका जताई कि इसी रंजिश के चलते कृष्ण की हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
9 अक्टूबर को दिल्ली में देना था ऑडिशन
बड़े भाई ऋषभ ने बताया कि कृष्ण डांस करता था और उसे 9 अक्टूबर को दिल्ली में ऑडिशन देने जाना था। परिवार के मुताबिक, वह ऑडिशन की तैयारी में जुटा हुआ था और इसे लेकर काफी उत्साहित था। डांस के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे कृष्ण की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गले पर चोट के निशान ने बढ़ाया संदेह
घटना की सूचना मिलते ही चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कृष्ण के गले पर मिले चोट के निशानों को पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है। चकेरी एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। गले पर मिले चोट के निशानों की विशेषज्ञ टीम से जांच कराई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *