बारिश के साथ चली तेज हवा, कहीं पेड़ गिरे तो कहीं बिजली के पोल; कई इलाकों में घंटों गुल रही बिजली

बारिश के साथ चली तेज हवा, कहीं पेड़ गिरे तो कहीं बिजली के पोल; कई इलाकों में घंटों गुल रही बिजली

साकेत नगर में पेड़ की चपेट में आए पांच दोपहिया वाहन, किदवई नगर में हाईटेंशन लाइन पर गिरी लोहे की होर्डिंग

कानपुर। बुधवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। तेज हवा के चलते कई इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल टूटकर सड़क पर गिर गए। पेड़ों की चपेट में आने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि बिजली के तार टूटने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। सड़कों पर पेड़ और पोल गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश थमने के बाद नगर निगम और बिजली विभाग की टीमें सक्रिय हुईं। कर्मचारियों ने सड़कों पर गिरे पेड़ों और पोल को हटाने के साथ बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू किया।

साकेत नगर में 35 साल पुराना पेड़ गिरा, पांच वाहन दबे

साकेत नगर में बारिश और तेज हवा के बीच बैंक शोरूम के सामने करीब 35 साल पुराना पाकड़ का पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में वहां खड़े पांच दोपहिया वाहन आ गए। पेड़ के नीचे दबने से सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

पेड़ गिरने के साथ बिजली के तार भी टूट गए, जिससे आसपास के इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। अचानक पेड़ गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह वाहनों को पेड़ के नीचे से निकालने का प्रयास किया।

किदवई नगर में हाईटेंशन लाइन पर गिरी लोहे की होर्डिंग

किदवई नगर के बगाही रोड स्थित ग्रीन बेल्ट में लगी बड़ी लोहे की होर्डिंग तेज हवा के कारण क्षतिग्रस्त होकर पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर जा गिरी। गनीमत रही कि उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

होर्डिंग के हाईटेंशन लाइन पर गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

रायपुरवा में तिरंगे का खंभा टूटा, सड़क पर गिरा

रायपुरवा में केशव भवन के पास लगा तिरंगे का खंभा भी तेज हवा का दबाव नहीं झेल सका और टूटकर सड़क पर गिर गया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने पोल का एक हिस्सा काटकर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

पांडु नगर से गोविंद नगर तक बिजली आपूर्ति प्रभावित

आंधी और बारिश के कारण शहर के कई अन्य इलाकों में भी पेड़ और बिजली के तार टूटने की सूचनाएं सामने आईं। पांडु नगर, आर्य नगर, स्वरूप नगर, बरा, किदवई नगर और गोविंद नगर समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कुछ इलाकों में कई घंटे तक बिजली नहीं आई। बारिश के बीच सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाने और क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तेज हवा और बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में अचानक बदले मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। हालांकि बारिश थमने के बाद नगर निगम और बिजली विभाग की टीमें सड़क और विद्युत व्यवस्था को सामान्य करने में जुट गईं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *