कानपुर में निकली सेवा ज्योति यात्रा, हाथों में मशाल लेकर चले स्वतंत्रदेव सिंह और भाजपा नेता

कानपुर में निकली सेवा ज्योति यात्रा, हाथों में मशाल लेकर चले स्वतंत्रदेव सिंह और भाजपा नेता

कानपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत कानपुर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। यात्रा के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और केंद्र सरकार की उपलब्धियों का संदेश दिया गया। फूलबाग चौराहे से शुरू हुई यात्रा बिरहाना रोड, नयागंज होते हुए घंटाघर पहुंची, जहां भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद रमेश अवस्थी समेत कानपुर के सभी भाजपा विधायक, दोनों महानगर जिलाध्यक्ष, ग्रामीण जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह करीब 1.5 किलोमीटर तक हाथ में जलती मशाल लेकर पैदल चले।
इससे पहले स्वतंत्रदेव सिंह और सांसद रमेश अवस्थी ने फूलबाग में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद यात्रा शुरू हुई। मंच पर लगी बड़ी स्क्रीन के जरिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी कार्यकर्ताओं को दिखाया गया। कार्यक्रम में महापौर प्रमिला पांडेय समेत भाजपा के विधायक मौजूद रहे।
गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी बुलट से फूलबाग कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे। यात्रा में विधायक अभिजीत सिंह सांगा, राहुल बच्चा सोनकर, नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी, सरोज कुरील, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह और ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान समेत अन्य नेता शामिल रहे।

‘कांग्रेस-सपा के पास कोई एजेंडा नहीं’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हो या सपा, उनके पास कोई एजेंडा नहीं है। जब-जब ये दल सत्ता में आए, देश और प्रदेश को लूटने का काम किया। भ्रष्टाचार और गुंडई को बढ़ावा दिया गया और आतंकवादियों का समर्थन किया गया।
उन्होंने कहा कि आज देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है और देश में कहीं दंगे नहीं हो रहे हैं।
‘17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान’
स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहते हुए जनता की सेवा कैसे की जाती है, इसका उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि नारी सम्मान से लेकर महिलाओं की तरक्की तक सरकार ने कई स्तरों पर काम किया है। करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम किया गया है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य एक मकान से लेकर घर की महिलाओं की सुविधाओं तक का ध्यान रखना है।
नयागंज में व्यापारियों ने किया स्वागत
फूलबाग से शुरू हुई करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी यात्रा बिरहाना रोड होते हुए नयागंज पहुंची। यहां व्यापारियों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। व्यापारी नेता विनोद गुप्ता ने मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह को 101 किलो की फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद स्वतंत्रदेव सिंह ने नयागंज स्थित करीब 200 वर्ष पुराने बाबा श्री नागेश्वर महाराज मंदिर में दर्शन किए और महंत का आशीर्वाद लिया।
यात्रा आगे बढ़ते हुए घंटाघर पहुंची। यहां भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का समापन हुआ।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *