आजम जेल में रहें या बाहर, 2027 के चुनाव पर नहीं पड़ेगा असर : ब्रजेश पाठक

कानपुर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने सपा और अखिलेश यादव पर साधा निशाना, बोले- गुंडों और माफिया को संरक्षण देने वाली राजनीति का प्रदेश में भविष्य नहीं

कानपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को कानपुर पहुंचकर समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजम खान जेल में रहें या बाहर, इससे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। सपा अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है। गुंडों और माफिया को संरक्षण देने वाली राजनीति का उत्तर प्रदेश में अब कोई भविष्य नहीं है।

सपा की मानसिकता हो चुकी है उजागर

डिप्टी सीएम ने कहा कि भारत माता को डायन और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को भू-माफिया बताने जैसे बयानों से सपा की मानसिकता उजागर होती है। भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभावना और बाबा साहेब के सम्मान के विपरीत सोच रखने वाली पार्टी को जनता पहले ही नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि सपा के पास अब जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।

2017 से पहले बीमारू राज्य था यूपी

ब्रजेश पाठक ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान बीमारू राज्य के रूप में थी। भ्रष्टाचार, अपराध और अव्यवस्था के कारण प्रदेश की छवि खराब थी। भाजपा सरकार ने इस स्थिति को बदलने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मजबूत कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने अपराधियों और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। अब उत्तर प्रदेश की पहचान अपराध और अराजकता के बजाय विकास, निवेश और सुशासन से बन रही है।

अखिलेश के काफिले की दुर्घटना पर बोले- कानून करेगा कार्रवाई

गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के काफिले से जुड़े वाहन की दुर्घटना में किशोर की मौत को ब्रजेश पाठक ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि घटना में कानून अपना काम करेगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, गोरखपुर में अखिलेश यादव की पीडीए रथयात्रा के दौरान स्वागत में शामिल एक जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर आर्यवर्धन की मौत हो गई थी।

2027 में विकास के दम पर फिर खिलेगा कमल

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा वर्ष 2027 में विकास और सुशासन के दम पर फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का चुनावी एजेंडा विकास, कानून व्यवस्था और जनकल्याण है, जबकि विपक्ष के पास जनता को बताने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है।

इस दौरान क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी डॉ. संजय सिंह और भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *