गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन, जयकारों से गूंजा शहर

पंज प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा, गतका प्रदर्शन और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन; मोतीझील में सजा धार्मिक दीवान

कानपुर। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। लाटूश रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से निकले नगर कीर्तन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरा वातावरण वाहे गुरु-वाहे गुरु और ‘नानक आया, नानक आया, कल तारण गुरु नानक आया’ के जयकारों से गूंज उठा। नगर कीर्तन विभिन्न मार्गों से होता हुआ मोतीझील पहुंचा, जहां धार्मिक दीवान में परिवर्तित हो गया।

नगर कीर्तन की शुरुआत धन-धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंज प्यारों की अगुवाई में हुई। ज्ञानी मदन सिंह ने अरदास कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधान हरविंदर सिंह लार्ड और सुखविंदर सिंह लाडी ने नगर कीर्तन को रवाना किया। इसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चे, शबदी जत्थे और प्रभात फेरी के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए।

नगर कीर्तन में दशमेश शस्त्र दल के सेवादारों ने पारंपरिक गतका प्रदर्शन कर लोगों को आकर्षित किया। वहीं, गुरु नानक देव जी के जीवन और उनके उपदेशों पर आधारित मनमोहक झांकियां भी निकाली गईं। विभिन्न सिख शिक्षण संस्थानों के बच्चों ने अपनी कला और प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु पर्व का संदेश दिया। कई सिख संगठनों और स्त्री सत्संग समूहों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

नगर कीर्तन अपने परंपरागत मार्ग बांसमंडी, कालपी रोड, फजलगंज, गुरु तेग बहादुर मार्ग, गुरु गोबिंद सिंह चौक और अशोक नगर से होते हुए मोतीझील पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया और सेवा भाव से संगत का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर मोहन सिंह झास, सुरजीत सिंह लार्ड, हरमिंदर सिंह लोंगोवाल, मीतू सागरी, करमजीत सिंह, दया सिंह गांधी, राजू खंडूजा, नीतू सिंह, मोकम सिंह, सुरिंदरजीत सिंह भाटिया, मनमीत सिंह, सुरिंदर चावला, त्रिलोचन नारंग, अमरजीत सहित अनेक श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मोतीझील में तीन दिवसीय गुरु पर्व समारोह, सोमवार से सजेगा दीवान

तीन दिवसीय गुरु पर्व समारोह के अंतर्गत मोतीझील में सोमवार को धार्मिक दीवान सजाया जाएगा। सुबह और शाम शबद कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया जाएगा। इसके साथ ही लंगर सेवा भी शुरू होगी। मंगलवार को श्रद्धालुओं के लिए लंगर वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम में मनप्रीत सिंह दिल्ली वाले, बलविंदर सिंह देहरादून वाले और नरिंदर सिंह अमृतसर वाले विशेष रूप से पहुंचकर गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *