राज्य कर विभाग का छापा, दो अघोषित गोदामों से 119 झाल पान मसाला और जर्दा बरामद
बिना वैध दस्तावेज के रखा गया था लाखों रुपये का माल, पैकिंग सामग्री भी मिली; विभाग ने पूरा स्टॉक किया सीज
कानपुर। राज्य कर विभाग के जोन-1 और जोन-2 की विशेष अनुसंधान शाखा ने जाटनपुरवा स्थित दो अघोषित गोदामों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में पान मसाला और जर्दा बरामद किया। जांच के दौरान दोनों गोदामों से 119 झाल पान मसाला और जर्दा मिला। इसके अलावा पान मसाला निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री और अन्य सामान भी बरामद किया गया। गोदाम संचालक बरामद माल से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर विभागीय टीम ने बिना दस्तावेज मिले समस्त माल को सीज कर दिया।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, राज्य कर विभाग को गोपनीय सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र के जाटनपुरवा में एक पान मसाला कंपनी के दो अघोषित गोदाम संचालित किए जा रहे हैं। इन गोदामों में लाखों रुपये का पान मसाला, जर्दा और पैकिंग सामग्री रखी गई है। सूचना के आधार पर 21 नवंबर को विशेष अनुसंधान शाखा की टीम ने दोनों गोदामों में एक साथ जांच अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान गोदाम संचालकों से माल के क्रय-विक्रय और भंडारण से संबंधित अभिलेख मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। जांच के दौरान कुछ स्थानीय लोगों की मिलीभगत से विभागीय कार्रवाई में बाधा डालने और जांच को प्रभावित करने का प्रयास भी किया गया। हालांकि, सूचना पर पहुंची ट्रांसपोर्टनगर चौकी पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाल ली, जिसके बाद टीम ने अपनी कार्रवाई पूरी की।
यह कार्रवाई एडीशनल कमिश्नर सान्या छाबड़ा और कुमार आनंद के निर्देशन तथा संयुक्त आयुक्त सुशील गौतम के मार्गदर्शन में की गई। जांच टीम में उपायुक्त अभिषेक चतुर्वेदी, सहायक आयुक्त सुभाष पांडेय, राज्य कर अधिकारी रमेश तिवारी, पंकज रावत, रज्जन लाल समेत कुल नौ अधिकारी शामिल रहे।
विभागीय अधिकारियों ने बरामद माल को सीज करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गोदामों में मिले माल और पैकिंग सामग्री के संबंध में भी जांच की जा रही है।


