सुभौली और भूखनाही गांव में डेंगू नियंत्रण अभियान का नोडल अधिकारी ने लिया जायजा, 78 मरीजों की हुई जांच

सुभौली और भूखनाही गांव में डेंगू नियंत्रण अभियान का नोडल अधिकारी ने लिया जायजा, 78 मरीजों की हुई जांच

स्वास्थ्य शिविरों में मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड के सभी जांच परिणाम निगेटिव, ग्रामीणों को किया गया जागरूक

कानपुर नगर। जनपद में डेंगू एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नोडल अधिकारी वेक्टर बॉर्न डिजीज डॉ. राजेश्वर सिंह ने जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह एवं जनपद स्तरीय टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसौल के अंतर्गत ग्राम सुभौली और भूखनाही का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों गांवों में संचालित डेंगू नियंत्रण एवं निरोधात्मक गतिविधियों का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न सहयोगी विभागों की टीमों द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। डेंगू के धनात्मक मामले सामने आने के दृष्टिगत प्रभावित क्षेत्रों में बुखार सर्वेक्षण, मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान, सोर्स रिडक्शन और अन्य आवश्यक निरोधात्मक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। उन्होंने संबंधित टीमों को सभी कार्य प्रभावी ढंग से और पूरी तत्परता के साथ करने के निर्देश दिए।

इस दौरान दोनों गांवों में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों का भी निरीक्षण किया गया। शिविरों में मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। बुखार से पीड़ित मरीजों की मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड की जांच भी कराई गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ग्राम सुभौली में कुल 23 मरीजों की जांच की गई, जबकि ग्राम भूखनाही में 55 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें से 37 मरीजों की मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड की जांच हुई। इस प्रकार दोनों शिविरों में कुल 78 मरीजों को देखा गया। जांच में किसी भी मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं मिली। वहीं, डेंगू जांच के लिए एसएसएच लैब में कोई सैंपल भी नहीं भेजा गया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों को डेंगू और अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। लोगों से अपील की गई कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा कूलर, गमले, टायर, खाली बर्तनों और अन्य स्थानों पर पानी एकत्रित न होने दें। मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई करने पर विशेष जोर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि जनपद में वाहक जनित रोगों के पॉजिटिव मामले सामने आने वाले क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशक छिड़काव और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके।

विभाग ने लोगों से अपील की कि मच्छरों के लार्वा पनपने वाले स्थानों पर पानी जमा न होने दें। मच्छरों से बचाव के लिए मॉस्किटो रिपेलेंट क्रीम का इस्तेमाल करें तथा शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें। बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराएं।

संचारी रोगों से संबंधित सूचना देने और जानकारी प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 और 9335301096 जारी किए हैं। इसके अलावा नगर निगम के कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2526004 और 0512-2526005 पर भी सूचना दी जा सकती है। विभाग का कहना है कि हेल्पलाइन पर मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *