तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार पिता और दो मासूम बेटों को रौंदा, दोनों भाइयों की मौके पर मौत, पिता गंभीर

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। जहानाबाद रोड पर मझावन कस्बे के पहले कैनरा बैंक के सामने सवारियों से भरी तेज रफ्तार प्राईवेट बस ने बाइक सवार पिता और उसके दो बेटों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक बच्चों को कुचलते हुए मौके से भागने लगा। राहगीरों ने पीछा कर उसे रमईपुर के पास पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार बिधनू के भारू गांव निवासी किसान अमर बहादुर निषाद (32) शनिवार को अपने दो बेटों आयुष (4) और पीयूष (ढाई वर्ष) को बाइक से लेकर अपनी ससुराल जहानाबाद जा रहे थे। जैसे ही वह मझावन कस्बे के शुरुआती हिस्से में कैनरा बैंक के सामने पहुंचे, तभी साढ़ की तरफ से आ रही सवारियों से भरी तेज रफ्तार प्राईवेट बस के चालक ने ओवरटेक करने की जल्दबाजी में उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर आगे बैठा छोटा बेटा पीयूष उछलकर बस के अगले शीशे से जा टकराया। इसके बाद चालक ने बस की रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठे आयुष को बस करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसा देखकर राहगीरों ने बस का पीछा किया और रमईपुर के पास चालक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
दादी से मिलने आए थे दोनों मासूम भाई
परिजनों के अनुसार अमर बहादुर की सास की जून महीने में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी पत्नी लक्ष्मी पति व दोनों बच्चो के साथ जहानाबाद स्थित अपने मायके में रहने लगी थी। दीपावली के बाद बच्चों की दादी रामप्यारी दोनों नातियों से मिलने के लिए उन्हें बुला रही थीं। इसी वजह से दो दिन पहले अमर बहादुर दोनों बच्चों को लेकर भारू गांव आया था। शनिवार को वह बच्चों को लेकर वापस जहानाबाद जा रहा था, तभी रास्ते में हादसा हो गया। दोनों मासूमों की मौत की खबर सुनते ही दादी रामप्यारी उनके कपड़ों से लिपटकर बिलखने लगीं।
उधर, बिधनू पुलिस ने घायल अमर बहादुर को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


