मेयर प्रमिला पांडेय पर विधायक महेश त्रिवेदी का तंज, बोले- सौतेली अम्मा नहीं, ओरिजनल अम्मा बनकर काम करें

मेयर प्रमिला पांडेय पर विधायक महेश त्रिवेदी का तंज, बोले- सौतेली अम्मा नहीं, ओरिजनल अम्मा बनकर काम करें

पॉडकास्ट इंटरव्यू में नगर निगम के कामकाज पर रखी राय, कहा- पूरा शहर आपको अम्मा कहता है, संबोधन की जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए

कानपुर। नगर निगम के कामकाज और शहर के विकास को लेकर कानपुर में भाजपा नेताओं के बीच बयानबाजी का सिलसिला जारी है। अब किदवई नगर से भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी का एक पॉडकास्ट इंटरव्यू सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें उन्होंने महापौर प्रमिला पांडेय को लेकर ऐसा बयान दिया है, जो चर्चा का विषय बन गया है। विधायक ने महापौर पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें सौतेली अम्मा बनकर नहीं, बल्कि ओरिजनल अम्मा बनकर काम करना चाहिए।

महेश त्रिवेदी ने कहा कि पूरा शहर महापौर को अम्मा कहता है। ऐसे में उन्हें इस संबोधन की जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अम्मा का मतलब तभी सार्थक होगा, जब वह पूरे शहर के प्रति एक जैसी ममता और जिम्मेदारी का भाव रखें। विधायक के इस बयान को नगर निगम के कामकाज और महापौर की कार्यशैली पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी के तौर पर देखा जा रहा है।

मेयर का टिकट होना था, तब मेरे पास खूब आना-जाना था

पॉडकास्ट के दौरान महेश त्रिवेदी ने महापौर प्रमिला पांडेय के पुराने दिनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “पहले जब उनका मेयर का टिकट होना था, तब उनका मेरे पास बहुत आना-जाना हुआ करता था। मैंने तो कहा था कि ये रिवॉल्वर लगाकर चलती हैं, पार्षद हैं। मेयर रहेंगी तो ठीक रहेगा, व्यवस्था अच्छी होगी।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारा तो अम्मा जी से इतना ही कहना है कि अम्मा… अम्मा का मतलब ओरिजनल अम्मा हो जाएगा तो आत्माओं में राज करेगी। हम तो सामने कहते हैं, आपको पूरा शहर अम्मा कहता है, तो आपको सौतेली अम्मा नहीं बनना है, बल्कि ओरिजनल अम्मा बनकर रहना चाहिए।”

नगर निगम के कामकाज को लेकर फिर चर्चा में महापौर

गौरतलब है कि कानपुर नगर निगम में महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के बीच विवाद के बाद नगर निगम का कामकाज लगातार चर्चा में है। इसी बीच भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी के पॉडकास्ट में दिए गए बयान ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। अब सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *