शाह ने योगी की तारीफ की, कहा- माफिया खत्म किए

शाह ने योगी की तारीफ की, कहा- माफिया खत्म किए

यूपी में बीजेपी अंगद का पैर, कोई हिला नहीं सकता, आपसी नाराजगी गोमती में बहाकर जाएं

Amit Shah Lucknow Visit | BJP Assembly Election Roadmap Strategy | Yogi
लखनऊ। अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ में हैं। उन्होंने यूपी भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा- यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है। उसे कोई नहीं हिला सकता है। आप कमर कस लो, अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो। हमें फिर से सरकार बनानी है।
शाह ने बीजेपी कार्यकर्ता को पार्टी का मालिक बताया। कहा कि यूपी में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी तो यहां भी यूसीसी लागू करेंगे। आप सभी नाराजगी और मनमुटाव को गोमती नदी में छोड़कर जाएं। चुनाव में बार-बार मुलाकात होगी। हिसाब पूछूंगा। बही खाता अच्छा रहना चाहिए।
उन्होंने कहा- राहुल बाबा की निरर्थक बकवास का जवाब यूपी में 2027 में बीजेपी की सरकार बनाकर देना है। इससे पहले, करीब 9 महीने बाद लखनऊ पहुंचे शाह का सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम ने स्वागत किया। बैठक में योगी और शाह अगल-बगल बैठे। यूपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और यूपी भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े मौजूद रहे।
शाह ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में हो रही बैठक में विधानसभा चुनाव के रोडमैप पर बात की। 2500 से ज्यादा कार्यकर्ताओ को यूपी में भाजपा की हैट्रिक लगाने का मंत्र दिया। शाह दोपहर 2:30 बजे वापस दिल्ली लौट जाएंगे। शाम 5 बजे समापन सत्र को सीएम योगी संबोधित करेंगे।
योगी के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव होंगे? तावड़े का जवाब
यूपी में भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा है कि यूपी का विधानसभा चुनाव अमित शाह के मार्गदर्शन में होगा। विनोद तावड़े ने विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को लेकर हुए सवाल के जवाब में कहा कि आज गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम योगी आदित्यनाथ की बार-बार तारीफ की है। समझदार को इशारा काफी है। यूजीसी के मुद्दे पर हम अपने वोटर्स से संवाद कर उन्हें समझाएंगेI
शाह बोले- राहुल की निरर्थक बकवास का जवाब 2027 में देंगे
अमित शाह ने कहा- राहुल बाबा की निरर्थक बकवास का जवाब 2027 में बीजेपी की सरकार देगी। सभी नाराजगी को गोमती में डालकर जाएं। बीजेपी की सरकार को अंगद का पैर बनाए रखना है। चुनाव में बार-बार मिलूंगा हिसाब भी पूछूंगा। याद रखना बही खाता अच्छा रहना चाहिए।
शाह बोले- परिश्रम की पराकाष्ठा कर 2027 में सरकार बनाएं
अमित शाह ने कहा- सरकार के सारे काम एक ओर हैं, फिर भी कार्यकर्ता का पराक्रम सबसे बड़ा है। सबसे अधिक कार्यकर्ता का समायोजन यूपी में हुआ है। अखिलेश के आने के बाद एक भी चुनाव सपा नहीं जीती। राहुल के आने के बाद कांग्रेस की सरकार नहीं बनी। कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव को अपना चुनाव बनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा कर 2027 में सरकार बनाएं।
शाह बोले- अखिलेश ने गरीब का हक मारकर परिवार को दिया
अमित शाह ने कहा- नरेंद्र मोदी ने फंड देने में कोई कमी नहीं की और योगी ने उसे जमीन पर उतारने मे कमी नहीं की। लेकिन, जनता को यह बताना होगा। अखिलेश जी आपने और आपके पिता की सरकार ने क्या किया, गरीब का हक मारकर अपने परिवार और कार्यकर्ता को दिया। यूपी सरकार ने लाभार्थी ने चुन-चुन कर लाभ दिया है। केंद्र सरकार की योजनाओं का सबसे अच्छा क्रियान्वयन यूपी में हुआ है।
शाह बोले- सपा और बसपा के सभी कार्यकाल से ज्यादा काम योगी ने किया
अमित शाह ने कहा- 50 लाख करोड़ का निवेश आया। 15 लाख करोड़ के निवेश धरातल पर आए हैं। सपा और बसपा के सभी टर्म मिला लें तो हमारे योगी जी का एक टर्म उनसे ज्यादा है। कानून व्यवस्था सुधरने से निवेश आया है। निवेश से रोजगार आया है। डबल इंजन की सरकार है। केंद्र ने यहां कोई कमी नहीं रखी है। यूपी के इंफ्रास्ट्रक्चर मे हजारों करोड़ रुपए भारत सरकार ने दिया है। यूपी में देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे नेटवर्क है। जेवर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बना है।
शाह बोले- यूपी में तीसरी बार सरकार बनी तो यूसीसी लागू करेंगे
अमित शाह ने कहा- यूपी में तीसरी बार सरकार बनी तो यूसीसी लागू करेंगे। हमने अनुच्छेद 370 समाप्त किया, एक कंकड़ भी नहीं चला। अब नशामुक्ति की बात है तो दिसंबर 2029 तक नशामुक्ति करनी है। हमारी सरकार बनने के बाद दंगों ने 70% गिरावट आई है। जनता को बताना है कि यदि बीजेपी की सरकार नहीं आई तो क्या होगा।
अमित शाह ने योगी की तारीफ की, कहा- माफिया को खत्म किया
शाह ने सीएम योगी की तारीफ की। कहा कि योगी ने माफिया को समाप्त किया। इसके लिए उन्हें बधाई। ये लोग तुष्टिकरण करते थे। पांच सौ साल तक मंदिर नहीं बना पाए, लेकिन मोदी की दूसरी बार सरकार बनी तो राम मंदिर बना।
‘राहुल और अखिलेश कुछ कीजिए, वरना मोदी चौथी बार पीएम बनेंगे’
अमित शाह ने कहा- हिमालय से लेकर गंगोत्री तक भगवा ही भगवा है। राहुल और अखिलेश को कुछ करना है तो कुछ कीजिए नहीं तो मोदी जी फिर चौथी बार पीएम बनेंगे।
शाह बोले- यूपी और देश में 30 साल तक बीजेपी की सरकार रहेगी
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा- यूपी में 41 साल, गुजरात में 41 साल से सरकार नहीं बनी है। यदि यही क्रियाकलाप रहा तो आगामी 30 साल तक राहुल और अखिलेश का नंबर नहीं आएगा। यूपी के देव तुल्य कार्यकर्ता के आधार पर कहता हूं कि 30 साल तक बीजेपी की सरकार रहेगी।
वोट चोरी के आरोप पर शाह बोले- मैच हारने के बाद अंपायर पर आरोप लगा रहे
अमित शाह ने कहा- मैच हारने के बाद अब अंपायर पर आरोप लगाया जा रहा है कि वोट चोरी हुई। बीजेपी संसद में चर्चा के लिए तैयार है। एक बार आइए, विशेष सत्र बुलाते हैं। हम एक एक बात का जवाब देने को तैयार हैं। संसद में चर्चा कीजिए।
शाह बोले- जब आप आंकड़ों के अभिमान में डूबे थे, तब हम जीत रहे थे
अमित शाह ने कहा- 2024 के चुनाव में पहली बार उड़ीसा में सरकार बनी, अरुणाचल प्रदेश में जीत कर आए। जब आप आंकड़ों के अभिमान में डूबे थे तो हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल में सरकार बनी। दिल्ली में तीन दशक के बाद बीजेपी सरकार बनी। असम में हैट्रिक लगाए और पश्चिम बंगाल ने ममता दीदी का सुपड़ा साफ किया।
शाह बोले- राहुल बाबा आपको अतीत में ले जाना चाहता हूं
अमित शाह ने कहा- राहुल बाबा आपको अतीत में ले जाना चाहता हूं कि राजीव गांधी ने ताना दिया था कि हम दो हमारे दो। लेकिन, हमने ताने से प्रेरणा ली। आज संसद में 240 सीट हैं। लगातार तीसरी बार मोदी प्रधानमंत्री हैं। एनडीए की 22 राज्यों में सरकार बनी है। 6 दशक के बाद कोई व्यक्ति लगातार तीसरी बार पीएम बना है।
शाह बोले- देश में जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्ट्राचार तीन राहु
अमित शाह ने कहा कि पहले राजनीतिक परिदृश्य जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्ट्राचार से ग्रस्त था। सूर्य को भी एक राहु खराब कर देता है। देश में जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्ट्राचार तीन राहु थे। आप कमर कस लो अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो। हमें सरकार बनानी है। मै याद दिलाने आया हूं कि बीजेपी के नेता भी सबसे पहले कार्यकर्ता हैं।
अमित शाह बोले- नोटबंदी के बाद अखिलेश को रात भर नींद नहीं आई थी
शाह ने कहा- 2014 में हमारे केवल 44 विधायक थे। बहुत निराशा थी। मैं तहसील तक गया। एक बार संगठन ठीक हो गया तो 2014 में यूपी में 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीट जीतीं। 2017 में नोटबंदी हुई थी तो अखिलेश को रात भर नींद नहीं आई थी। हमने 40 प्रतिशत वोट लेकर 312 सीट जीती थीं।
अमित शाह बोले- फिर से बीजेपी की सरकार बनने जा रही
कल्याण सिंह ने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को ध्वस्त कराया। यूपी में बीजेपी सरकार अंगद का पैर है, उसे कोई नहीं हटा सकता है। फिर से बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। कोई दुविधा नहीं है।
‘रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं’
अमित शाह ने कहा- यूपी में 30 अक्टूबर का बड़ा योगदान है। आज के दिन 1990 अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। मै पूछना चाहता हूं कि आप किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं। अपने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं, हमने राम मंदिर बनाया। आपकी तीसरी पीढ़ी को भी जनता माफ नहीं करेगी।
शाह बोले- यूपी में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का समय है
अमित शाह ने कहा कि लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का समय है। बीजेपी के मालिक हमारे कार्यकर्ता को मेरा प्रणाम, मेरा राम राम। महर्षि दयानंद ने उत्तर भारत से लेकर राजस्थान तक देश भक्ति जागृत की। नशा मुक्ति के लिए भी उन्होंने काम किया, आजादी में उनका बड़ा योगदान है।
पंकज चौधरी बोले- कठिन से कठिन चुनाव अमित शाह जीता देते हैं
पंकज चौधरी ने कहा- अमित भाई के परिश्रम से 2014 में यूपी में बीजेपी 73 सीट जीतने का काम किया था। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी अमित शाह के अध्यक्षता वाले कार्यकाल में ही बनी थी। कठिन से कठिन चुनाव भी अमित शाह जीता देते हैं। देश को नक्सलवाद से मुक्त कराया है। आपका मार्गदर्शन यूपी के विजय दिवस की राह बनाएगा।
दिवगंत भाजपा नेताओं के लिए शोक प्रस्ताव पेश किया गया
बीते ढाई साल में बीजेपी के जिन नेताओं और जनप्रतिनिधि का निधन हुआ है, उनका शोक प्रस्ताव पेश किया गया। 2 मिनट का मौन रखा गया। हरि नारायण राजभर, श्याम देव राय, नीलम करवरिया, अनिल शर्मा, बाला प्रसाद अवस्थी, लल्ला भैया, अजय सिंह कोरी, देवेश श्रीवास्तव, लज्जा रानी गर्ग, मिश्रीलाल यादव सहित अन्य के निधन पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
2024 की कार्यसमिति की कार्यवाही का अनुमोदन प्रस्ताव पेश
बीजेपी के प्रदेश महामंत्री संजय राय ने जुलाई 2024 में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति में हुए निर्णय की कार्यवाही का अनुमोदन प्रस्ताव पेश किया।
पंकज चौधरी बोले- जनता से संवाद कर समस्या का समाधान करें
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में हो रही बैठक में यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा- जनता से संवाद कर समस्या का समाधान करें। जनप्रतिनिधि भी नियमित संगठन से संवाद करें। व्यक्तिगत आकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन को सबसे आगे रखना है। हमारा गौरवशाली इतिहास है, मजबूत वर्तमान है, जन समर्थन केवल नारों से नहीं, बल्कि जनता के बीच रहने से मिलता है।
पंकज चौधरी बोले- विदेशी फंडिंग से भ्रम और अशांति फैलाने की कोशिश हो रही है
पंकज चौधरी ने कहा- 2022 में बीजेपी 278 सीट जीती थी, जबकि विपक्ष 128 सीट जीत पाए थे। हमारे कार्यकर्ता को मतदाता के बीच रहना है। उन्हें भ्रमित होने से रोकना है। विदेशी फंडिंग से भ्रम और अशांति फैलाने की कोशिश हो रही है। सरकार के काम को लेकर हमारी परिक्षा होने वाली है। संगठन की एकजुटता से इस परीक्षा में जाना है।
यूपी भाजपा अध्यक्ष बोले- बीजेपी की असली पूंजी सत्ता नहीं, पार्टी का कार्यकर्ता
पंकज चौधरी ने कहा- हमारी सरकार ने सुनिश्चित किया है कि विकास केवल कुछ जिलों तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे प्रदेश तक फैले। बीजेपी की असली पूंजी सत्ता नहीं, बल्कि पार्टी का कार्यकर्ता है। उसका सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमें देखना है कि क्या हमारे कार्यकर्ता जनता के बीच जा रहे हैं।
पंकज चौधरी बोले- बीजेपी केवल चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं, एक विचार है
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यह औपचारिक बैठक नहीं है, बल्कि हम संगठन की शक्ति का मूल्यांकन करने ओर प्रदेश में तीसरी बार बीजेपी सरकार बनाने के लिए यहां जुटे है। हम सिर्फ सत्ता प्राप्ति को अपना लक्ष्य नहीं मानते, बल्कि राष्ट्र निर्माण और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना चाहते हैं। बीजेपी केवल चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि एक विचार है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *