गाली देने वालों के मुंह में जूता घुसेड़ देंगे : विधायक महेश त्रिवेदी
विद्यार्थी मार्केट में दुकानदारों का विवाद सुलझाने पहुंचे भाजपा विधायक, बोले- ईमानदारी से कारोबार करें व्यापारी
कानपुर। “किसी ने गाली बकी तो मुंह में जूता घुसेड़ देंगे। इतना बारहां कौन हो गया कि जो गाली देगा। किसी के भी माई के लाल का हाथ हो, उसकी ऐसी की तैसी। पाप बढ़ने नहीं देंगे।” यह बयान किदवई नगर के भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी का है। सोमवार रात करीब आठ बजे वह गोविंद नगर की विद्यार्थी मार्केट में दो दुकानदारों के बीच विवाद सुलझाने पहुंचे थे। इस दौरान गाली-गलौज और धमकी की जानकारी मिलने पर वह नाराज हो गए। उन्होंने व्यापारियों को मिल-जुलकर रहने और ईमानदारी से कारोबार करने की नसीहत दी।
बोले- तुम पाकिस्तान से नहीं आए हो, सब घर के लोग हो
गोविंद नगर स्थित विद्यार्थी मार्केट में सोमवार रात दो दुकानदारों के बीच विवाद हो गया था। शिकायत मिलने पर विधायक महेश त्रिवेदी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को बैठाकर विवाद सुलझाने की कोशिश की। इसी दौरान एक व्यापारी ने उन्हें बताया कि विवाद के समय गाली-गलौज और धमकी दी गई थी। यह सुनकर विधायक भड़क गए।
उन्होंने व्यापारियों से कहा कि तुम लोग पाकिस्तान से नहीं आए हो, यहां सब घर के लोग हैं। सभी यहीं के रहने वाले हैं, इसलिए मिल-जुलकर रहना चाहिए। बाजार में किसी के साथ अभद्रता और बेइज्जती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपसी विवाद को बातचीत से सुलझाना चाहिए। कोई गलत काम करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन ईमानदारी से कारोबार करने वालों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
बोले- पवित्र मार्केट है, यहां ईमानदारी से काम चलेगा
विधायक ने विद्यार्थी मार्केट को पवित्र बताते हुए कहा कि यहां ईमानदारी से व्यापार होना चाहिए। गलत काम करने वालों को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब कोई पापी हो तो पाप करिए, लेकिन जब मुखिया ईमानदार और पवित्र हो तो उसी के अनुरूप व्यवस्था चलनी चाहिए। किसी को बेइज्जत करना और गुंडे पालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाजार में गलत काम करने वालों के खिलाफ सख्ती की जाएगी और ईमानदारी से काम करने वालों को आगे बढ़ाया जाएगा।
पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष पर करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप
विधायक महेश त्रिवेदी ने विद्यार्थी मार्केट के पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि पूर्व अध्यक्ष ने कई व्यापारियों के करोड़ों रुपये हड़प लिए हैं। विधायक के मुताबिक, बाजार में अब अध्यक्ष और महामंत्री बदल गए हैं। ऐसे में व्यवस्था ईमानदारी से चलनी चाहिए। पुराने विवादों और गाली-गलौज की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि गलत काम करने वाला कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्ती की जाएगी। किसी को भी बाजार का माहौल खराब करने और दूसरों को बेइज्जत करने की छूट नहीं दी जाएगी।


