निर्माणाधीन मकान में चोरी करने पहुंचा नाबालिग, समरसेबल के पाइप निकालते पकड़ा गया
कानपुर के सनिगवां में ई-रिक्शा लेकर पहुंचा था आरोपी, मौके से लोहे के औजार भी मिले; दो महीने पहले भी चोरी होने का आरोप
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां में गुरुवार रात निर्माणाधीन मकान में चोरी करने पहुंचे नाबालिग को स्थानीय लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोप है कि नाबालिग ई-रिक्शा लेकर मकान में पहुंचा था और समरसेबल के कई पाइप निकाल चुका था। मौके से लोहे के औजार भी मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को थाने ले गई। मकान मालिक ने रात करीब 9:30 बजे पुलिस से शिकायत की।
पाइप निकालते समय पहुंच गए मकान मालिक और पड़ोसी
सनिगवां निवासी शाहनवाज खान वेल्डिंग की दुकान चलाते हैं। उनका मकान निर्माणाधीन है। शाहनवाज के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 8:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि मकान के अंदर एक युवक चोरी कर रहा है। इस पर वह आसपास के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक नाबालिग ई-रिक्शा चालक समरसेबल के पाइप निकालता मिला। लोगों को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया।
ई-रिक्शे में सामान लादने की थी तैयारी
मकान मालिक का आरोप है कि नाबालिग समरसेबल के कई पाइप पहले ही निकाल चुका था। मौके से लोहे के औजार भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि वह पाइप और अन्य सामान ई-रिक्शे में लादकर ले जाने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही लोगों ने उसे पकड़ लिया।
दो महीने पहले भी चोरी होने का आरोप
शाहनवाज खान ने बताया कि करीब दो महीने पहले भी उनके निर्माणाधीन मकान से लगभग 10 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी हो चुका है। उनका आरोप है कि गुरुवार रात दोबारा चोरी की कोशिश की गई। जानकारी मिलने पर उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस कर रही पूछताछ
सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को थाने ले गई। कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग से पूछताछ की जा रही है। मौके से मिले सामान और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

