घाटमपुर डाकघर घोटाले में उन्नाव में तैनात पोस्टमास्टर हिरासत में, 80% हिस्सा लेता था नरेश साहू

घाटमपुर डाकघर घोटाले में उन्नाव में तैनात पोस्टमास्टर हिरासत में, 80% हिस्सा लेता था नरेश साहू

दो करोड़ की ठगी में मास्टरमाइंड शैलेंद्र के खुलासे पर पुलिस की कार्रवाई, 2019 से चल रहा था खेल; मृतकों और लंबे समय से निष्क्रिय खातों से निकालते थे रकम

कानपुर। घाटमपुर उप डाकघर में करीब दो करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को गिरोह के मास्टरमाइंड एजेंट शैलेंद्र पांडेय की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्नाव के गंगाघाट स्थित डाकघर में तैनात पोस्टमास्टर नरेश साहू को हिरासत में ले लिया है। शैलेंद्र के बयानों के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पूछताछ में शैलेंद्र ने बताया कि घोटाले से मिलने वाली रकम का 80 प्रतिशत हिस्सा नरेश साहू को दिया जाता था, जबकि 20 प्रतिशत रकम वह खुद रखता था।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि डाकघर में यह गोरखधंधा वर्ष 2019 से चल रहा था। अभिलेखों के मुताबिक, नरेश साहू की तैनाती के दौरान वर्ष 2020 से 2024 के बीच करीब 29 लाख रुपये का सबसे अधिक ट्रांजेक्शन सामने आया है। इसके अलावा नरेश के साथ डाकघर के तीन अन्य कर्मचारियों के नाम भी जांच में सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

शैलेंद्र के खुलासे पर पोस्टमास्टर तक पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक, एजेंट शैलेंद्र पांडेय ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2020 में संबंधित बाबू का तबादला होने के बाद डाकघर में नरेश साहू की तैनाती हुई थी। इसके बाद नरेश ने उसे धमकाकर घोटाले की रकम में 80 प्रतिशत हिस्सा लेना शुरू कर दिया। पहले शैलेंद्र को 30 प्रतिशत हिस्सा मिलता था, जबकि 70 प्रतिशत रकम तत्कालीन बाबू को दी जाती थी।

शैलेंद्र के खुलासे के बाद घाटमपुर पुलिस ने उन्नाव के गंगाघाट स्थित डाकघर में छापेमारी कर नरेश साहू को हिरासत में लिया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि नरेश और शैलेंद्र को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। इस सिंडिकेट में शामिल अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भी तलाश की जा रही है।

1989 से 1999 तक डाक सेवक के रूप में किया था काम

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, शैलेंद्र ने पूछताछ में बताया कि उसने वर्ष 1989 से 1999 तक डाक सेवक के रूप में अस्थायी तौर पर काम किया था। स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर उसने कानूनी लड़ाई भी लड़ी, लेकिन कोर्ट से याचिका खारिज हो गई। इसके बाद वह घाटमपुर डाकघर में तैनात अपने चाचा हरिनारायण द्विवेदी के साथ हेल्पर के रूप में काम करने लगा।

शैलेंद्र ने वर्ष 2015 में अपनी बड़ी बेटी अनुष्का की शादी की थी। इसमें उस पर करीब 3.50 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने डाकघर में कार्यरत एक बाबू से संपर्क किया। बाबू ने उसे खाते खुलवाने के नाम पर एजेंसी लेने की सलाह दी। इसके बाद शैलेंद्र ने एजेंसी लेकर लोगों के खाते खुलवाने के नाम पर घोटालेबाजी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, इस खेल से मिली रकम का बड़ा हिस्सा डाकघर के कर्मचारियों तक पहुंचता था। ठगी की रकम से उसने अपने बेटे और छोटी बेटी की शादी भी की।

दो एफआईआर, छह लोग नामजद

घाटमपुर उप डाकघर में हुए करीब दो करोड़ रुपये के घोटाले में पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की हैं। पहली एफआईआर 21 लोगों की तहरीर पर डाक विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और एजेंट समेत छह लोगों के खिलाफ दर्ज की गई थी। दूसरी एफआईआर कानपुर डाकघर के अधीक्षक रवि कुमार की तहरीर पर क्लर्क शिवम सचान और उप डाकपाल राकेश मिश्रा के खिलाफ दर्ज की गई।

डाकघर अधीक्षक रवि कुमार ने बताया था कि घाटमपुर निवासी आकांक्षा चौरसिया ने शिकायत की थी कि उनके माता-पिता के खातों से करीब 4.15 लाख और 2.98 लाख रुपये का गबन किया गया है। जांच में तत्कालीन क्लर्क शिवम सचान निवासी बिजौली, थाना चांदपुर, फतेहपुर और उप डाकपाल राकेश कुमार मिश्रा निवासी कृष्ण विहार, नौबस्ता को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया था। पुलिस ने दोनों को रविवार सुबह कस्बे की पोस्ट ऑफिस गली से गिरफ्तार किया था। इसके बाद एजेंट शैलेंद्र की तलाश में पांच टीमें लगाई गई थीं।

मृतकों के खातों से भी निकालते थे रकम

पुलिस की जांच में घोटाले का एक और चौंकाने वाला तरीका सामने आया है। आरोपियों को डाकघर में विड्रॉल और अप्रूवल से जुड़ी जिम्मेदारियां मिली हुई थीं। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने मृत लोगों के खातों से थोड़ी-थोड़ी रकम निकालने की योजना बनाई थी। कई मृत खाताधारकों के खातों से भी रुपये निकाले गए।

इसके अलावा लंबे समय से सक्रिय नहीं रहे खातों को भी निशाना बनाया जाता था। आकांक्षा चौरसिया के माता-पिता की मौत के बाद उनके खातों में जमा करीब सात लाख रुपये में से चार लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने कुल कितने खातों से रकम निकाली और इस घोटाले में कितने कर्मचारी शामिल हैं।

15 साल का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि डाक विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर पिछले 15 वर्षों में उप डाकघर में तैनात रहे अधिकारियों और कर्मचारियों का ब्योरा मांगा गया है। इसमें उनकी तैनाती की अवधि के साथ जमा-निकासी के वाउचर और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड भी मांगे गए हैं। इन अभिलेखों की जांच से घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस अब शैलेंद्र और नरेश साहू से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही तीन अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *