कैंट बोर्ड कार्यालय में सीबीआई का छापा, पांच हजार की रिश्वत के मामले में महिला क्लर्क समेत दो हिरासत में
रिटायर्ड सफाई कर्मचारी के बकाया भुगतान के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत पर कार्रवाई, अकाउंट सेक्शन में देर रात तक खंगाली गईं फाइलें; 72 कर्मचारियों के एरियर भुगतान में भी वसूली की जांच
कानपुर। कैंट बोर्ड कार्यालय में गुरुवार शाम सीबीआई की टीम ने छापा मारकर हड़कंप मचा दिया। वर्ष 2016 में सफाई कर्मचारी रहे रूपलाल की शिकायत पर पहुंची टीम ने रिश्वत मांगने के मामले में महिला क्लर्क और एक निजी कर्मी से पूछताछ की। पांच हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में पूछताछ के बाद दोनों को हिरासत में लिया गया। कैंट बोर्ड के सूत्रों के मुताबिक, एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के बकाया भुगतान के लिए रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। महिला कर्मचारी को हिरासत में लेने के लिए कैंट थाने से महिला पुलिसकर्मी को भी बुलाया गया। छापे की जानकारी मिलने पर मिलिट्री इंटेलीजेंस के जवान भी कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की स्थिति का जायजा लिया।
देर रात तक चली कार्रवाई, अकाउंट सेक्शन में खंगाली फाइलें
सीबीआई की टीम ने कैंट बोर्ड कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी फाइलों की गहन जांच की। कार्रवाई देर रात करीब 12:45 बजे तक जारी रही। इस दौरान कार्यालय के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। अचानक हुई कार्रवाई से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। जांच के दौरान कैंट बोर्ड कार्यालय का मुख्य गेट बंद करा दिया गया और बाहरी लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई। टीम ने भुगतान संबंधी रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों को भी खंगाला। खबर लिखे जाने तक सीबीआई की कार्रवाई जारी थी।
72 कर्मचारियों के एरियर भुगतान में भी वसूली की जांच
सीबीआई की कार्रवाई के बीच कैंट बोर्ड के करीब 72 कर्मचारियों के एसीपी (एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) और एरियर भुगतान का मामला भी चर्चा में आ गया। बताया जा रहा है कि इसी महीने दो नवंबर को हुई कैंट बोर्ड की बैठक में कर्मचारियों को एसीपी और एरियर के रूप में करीब तीन करोड़ रुपये के भुगतान का प्रस्ताव पास हुआ था। आरोप है कि अकाउंट सेक्शन में तैनात एक कर्मी ने भुगतान कराने के एवज में प्रत्येक कर्मचारी से 40 से 50 हजार रुपये तक की मांग की थी। सीबीआई इस मामले से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसी भुगतान से संबंधित दस्तावेजों और कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
महिला क्लर्क के घर भी पहुंची सीबीआई टीम
कार्यालय में कार्रवाई के बाद सीबीआई की टीम महिला क्लर्क के घर भी पहुंची। वहां दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच की गई। इस बीच महिला क्लर्क से मिलने के लिए उसकी नाबालिग बेटी कैंट बोर्ड कार्यालय पहुंची, लेकिन कार्रवाई के चलते उसे भी अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। कार्यालय के बाहर काफी देर तक लोगों की आवाजाही और हलचल बनी रही।
15 दिन पहले कैग ने भी किया था वित्तीय रिकॉर्ड का ऑडिट
कैंट बोर्ड कार्यालय में सीबीआई की कार्रवाई के बीच करीब 15 दिन पहले हुए कैग के ऑडिट की भी चर्चा शुरू हो गई है। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग), प्रयागराज की टीम ने कार्यालय पहुंचकर वित्तीय कार्यों से जुड़ी फाइलों का ऑडिट किया था। कर्मचारियों के मुताबिक, ऑडिट के दौरान अकाउंट सेक्शन के स्टाफ ने टीम को जरूरी जानकारियां और दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। अब सीबीआई की कार्रवाई के बाद वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, कैग ऑडिट और मौजूदा सीबीआई कार्रवाई के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
2023 में भी सीबीआई ने दो कर्मचारियों को किया था गिरफ्तार
कैंट बोर्ड में रिश्वतखोरी के मामले में वर्ष 2023 में भी सीबीआई कार्रवाई कर चुकी है। उस समय शिकायतकर्ता सौरभ धनविक ने बताया था कि उनकी दादी वर्ष 2023 में सेवानिवृत्त हुई थीं। उन्हें रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले लाभों का भुगतान नहीं किया जा रहा था। काफी दौड़भाग और परेशान होने के बाद जब उन्होंने कर्मचारियों से भुगतान के लिए अनुरोध किया तो उनसे रुपये मांगे गए। इसके बाद उन्होंने सीबीआई से शिकायत की थी।
शिकायत के आधार पर सात सितंबर को सीबीआई ने ट्रैप कार्रवाई की थी। इसमें क्लर्क धर्मेंद्र कुमार और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आनंद वर्मा को गिरफ्तार किया गया था। अब एक बार फिर कैंट बोर्ड कार्यालय में सीबीआई की कार्रवाई से कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। एजेंसी की जांच में वित्तीय भुगतान से जुड़े और कौन-कौन से मामले सामने आते हैं, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।


